जिला चिकित्सालय में धरने का दसवां दिन
प्रतापगढ़. राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रतापगढ़ के जिला चिकित्सालय परिसर में दसवें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। नारेबाजी करते हुए नर्सिंग कर्मियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों का समाधान नहीं होता है तो 23 अगस्त से सामूहिक कार्य बहिष्कार करते हुए जयपुर में प्रदेश स्तरीय रैली का आयोजन किया जाएगा।
राजस्थान नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष श्याम शर्मा ने बताया कि नर्सेज की विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के साथ कई बार वार्ता हुई। लेकिन उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं हुआ। इन मांगों के समाधान को लेकर जिला चिकित्सालय परिसर में नर्सिंग कर्मियों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहा। नर्सिंग कर्मियों ने इस दौरान नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। शर्मा ने बताया कि इस संदर्भ में प्रदेश सरकार वेतन विसंगति दूर कर दिल्ली एवं केंद्र सरकार के समान वेतन भत्ते प्रदान करें और पदोन्नति की भी नियमावली तय की जाए। नर्सिंग कर्मियों को अलग से मैस भत्ता, नरसिंग भत्ता, वर्दी भत्ता आदि प्रदान किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए नर्सिंग कर्मियों को 20 प्रतिशत अतिरिक्त भत्ता प्रदान किया जाए। नर्सेज संवर्ग केडर का पुनर्गठन, संविदा नर्सेज की भर्ती पर पूरी तरह रोक, प्लेसमेंट एजेंसी से भर्ती पर रोक, एएनएम, जीएनएम के पदनाम परिवर्तन और नर्सिंग निदेशालय की शीघ्र स्थापना की जाए। शर्मा ने बताया कि आगामी 15 अगस्त तक सरकार की ओर से सकारात्मक वार्ता का कोई प्रस्ताव नहीं आता है तो 23 अगस्त से सामूहिक कार्य बहिष्कार किया जाएगा साथ ही जयपुर में प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।