13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रतापगढ़

आज खुलेगा प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का पिटारा

-सुबह 8 बजे से होगी प्रतापगढ़ और धरियावद विधानसभा सीटों की मतगणना-सुबह 9-10 बजे से आने लगेंगे रूझान

Google source verification

-दोपहर 1-2 बजे परिणाम आने की बताई जा रही संभावना
प्रतापगढ़.

आखिर वह दिन आ ही गया, जिसका सभी को बेताबी से इंतजार था। प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के तहत 25 नवंबर को हुए मतदान के बाद प्रत्याशियों को डाले गए मतों की गणना रविवार को की जाएगी। आगामी पांच सालों तक विधायक पद का ताज किसे मिलेगा। इसका बहुप्रतिक्षित फैसला आज होने जा रहा है। इस फैसले के इंतजार में भाजपा, कांग्रेस तथा बीएपी प्रत्याशियों सहित, वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के दिल की धडकऩें बढ़ गई है। निर्वाचन विभाग की ओर से इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह आठ बजे से पोस्टल बेलेट व साढ़े आठ बजे से ईवीएम प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करना शुरू कर देंगी। करीब दो से तीन घंटे में यह तय होने लग जाएगा कि कौन पांच साल के लिए विधायक बनेगा। दोपहर करीब दो बजे तक परिणाम आने की संभावना है। लम्बे समय से दिन रात एक किए हुए कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम भी देखने को मिलेगा। इस बार के चुनाव परिणामों का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। चुनावी परिणाम अपने अनुकूल आने के लिए सभी दलों के प्रत्याशी, समर्थक और कार्यकर्ता ईश्वर से प्रार्थना कर रहे है। समर्थक कार्यकर्ता ऊपर वाले से प्रार्थना व दुआ कर परिणाम अपने पक्ष में ही देखना चाहते हैं। कई कार्यकर्ताओं ने तो मन्नतें भी ले रखी है व कई तो प्रतिदिन मंदिर-मस्जिद में जाकर प्रार्थना कर रहे हैं।
भाजपा-कांग्रेस में टक्कर, त्रिकोणीय भी हो सकता है मुकाबला
जिले में दो विधानसभा क्षेत्र हैं। दोनों विधानसभा क्षेत्रों प्रतापगढ़ और धरियावद में जहां भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। वहीं दोनों ही जगहों पर भारतीय आदिवासी पार्टी भी पूरा दम भर रही है। प्रतापगढ़ में भाजपा से जहां पूर्व जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री नंदलाल मीणा के पुत्र हेमंत मीणा चुनावी मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस से वर्तमान विधायक रामलाल मीणा ने चुनाव लड़ा है। तो भारतीय आदिवासी पार्टी के मांगीलाल भी कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वहीं धरियावद विधानसभा से भाजपा के दिवंगत विधायक कन्हैयालाल मीणा चुनाव लड़ रहे हैं तो कांग्रेस से वर्तमान विधायक नगराज मीणा चुनावी मैदान में है तो भारतीय आदिवासी पार्टी से थावरचंद भी पूरा दम भर रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि मतगणना के बाद किसका भाग्य उदय होता है और कौन आगामी पांच साल के लिए पहनता है विधायक का ताज।

देखते हैं क्या होता है…पर चर्चा खत्म

प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पिछले कई चुनावों में भाजपा लगातार जीतती आ रही थी। पिछले चुनाव में भाजपा से पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा के पुत्र हेमंत मीणा को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया। वहीं कांग्रेस ने पूर्व उप जिला प्रमुख रहे रामलाल मीणा को अपना उम्मीदवार बनाया। चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को शिकस्त दी। इस बार भी भाजपा और कांग्रेस से ये दोनों ही आमने-सामने हैं। इस बार भी भाजपा प्रत्याशी हेमंत मीणा अपना पूरा दम भर रहे हैं तो कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल मीणा भी ताल ठोक रहे हैं। दोनों प्रत्याशियों की जीत-हार की लम्बी चर्चा होती है और देखते हैं क्या होता है…पर चर्चा समाप्त हो रही है।
प्रत्याशियों व समर्थकों में बैचेनी
चुनाव से पहले और चुनाव के बाद भले ही चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशी अपनी जीत का दावा कर रहे हों, लेकिन सच्चाई यह होती है कि चाहे कोई भी अपनी जीत के प्रति कितना ही आश्वस्त क्यों ना हो। मतदान के बाद जब तक चुनाव परिणाम नहीं आ जाता तब तक प्रत्याशियों और उनके दिल बैचेनी से धडक़ते रहते हैं।

कयासों व शर्तों का दौर

भाजपा-कांग्रेस में कड़े मुकाबले के चलते शहर और गांवों में चर्चाओं का दौर जारी है। मतदान के बाद मतदान प्रतिशत ने इन चर्चाओ और कयासों को और अधिक बढ़ा दिया है। शहर में मतदान प्रतिशत कम रहने और गांवों में मतदान प्रतिशत अधिक होने को दोनों राजनीतिक दल, प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने पक्ष में बता रहे हैं। वहीं आमजन भी अपनी-अपनी सोच के मुताबिक इसे प्रत्याशी विशेष के पक्ष और विपक्ष में बता कर अपने कयास लगाने में जुटे हैं।
उमड़ सकती है भारी भीड़
जिले में दोनों विधानसभाओं प्रतापगढ़ और धरियावद के लिए मतगणना प्रतापगढ़ शहर के नीमच नाका स्थित हाई स्कूल में होनी है। कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर के चलते यह माना जा रहा है कि दोनों के समर्थकों की भारी भीड़ स्कूल के बाहर जमा हो सकती है। खासकर प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हेमंत मीणा और कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल मीणा तथा भारतीय आदिवासी पार्टी के मांगीलाल के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बड़ी संख्या में यहां पहुंचने की संभावना है।

आमजन में भी उत्सुकता
भाजपा और कांग्रेस में इस बार कांटे की टक्कर मानी जा रही है। कड़े मुकाबले के चलते आमजन भी अब तक किसी की जीत-हार के प्रति आश्वस्त नहीं है। ऐसे में चुनाव परिणाम को लेकर सभी खासो-आम में खासी उत्सुकता है और हर कोई बेताबी से चुनाव परिणाम जानना चाह रहा है।

मतगणना को लेकर तैयारियों को दिया अंतिम रूप

विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए रविवार 3 दिसंबर को होने को जिला मुख्यालय पर होने वाली मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार को तैयारी को अंतिम रूप दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इन्द्रजीत यादव ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव के तहत धरियावद एवं प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नीमच नाका प्रतापगढ़ में होगी। जिसमें पोस्टल बैलट की मतगणना सुबह 8 बजे और ईवीएम की मतगणना आधे घंटे पश्चात प्रात 8.30 बजे शुरू होगी। धरियावद विधानसभा क्षेत्र की मतगणना विद्यालय के कमरा संख्या 55 एवं प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतगणना कमरा संख्या 51 में होगी।
राउंड वार होगी मतगणना

प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 12 टेबल पर 23 राउंड और धरियावद विधानसभा क्षेत्र की मतगणना 14 टेबल पर 21 राउंड में संपन्न होगी और आम जनता तक जानकारी पहुंचाने के लिए मतगणना हॉल के बाहर लगे साउंड बॉक्स से जन संबोधन प्रणाली के माध्यम से राउंडवार परिणामों की घोषणा की जाएगी। मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतगणना कक्ष में प्रत्याशी, मुख्य निर्वाचन अभिकर्ता और प्रत्याशी द्वारा नियुक्त गणना अभिकर्ता प्रत्येक टेबल पर लगाए जायेंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक टेबल पर सामान्य पर्यवेक्षक द्वारा माइक्रोऑब्जर्वर नियुक्त किया जाएगा।
मोबाइल का उपयोग होगा प्रतिबंधित

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल पर पासधारक ही प्रवेश कर सकेंगे और मतगणना स्थल पर कोई भी व्यक्ति मोबाइल नहीं ले जा सकेगा। उन्होंने बताया कि मीडिया कर्मियों के लिये मतगणना स्थल पर मीडिया सेंटर बनाया गया है, जहां पासधारक मीडियाकर्मी कवरेज कर सकेंगे।
सुरक्षा की त्रि-स्तरीय व्यवस्था

मतगणना स्थल पूरी तरह से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में रहेगा। मतगणना कक्ष की आंतरिक सुरक्षा के लिए केन्द्रीय सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी। वहीं मिडिल लेयर में आरएसी बल और बाहरी सुरक्षा के लिये स्थानीय पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके साथ ही भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए मतगणना स्थल के बाहर कार्यपालक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त मात्रा में पुलिस बलों की तैनाती रहेगी।
मतदान दिवस पर जिले में सूखा दिवस घोषित

प्रतापगढ.
विधानसभा आम चुनाव के तहत लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा के प्रावधानों के अनुसार जिले में रविवार को मतगणना दिवस पर संपूर्ण जिले में सूखा दिवस घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ इंद्रजीत यादव ने बताया विधानसभा आम चुनाव के तहत मतगणना दिवस को संपूर्ण जिले में सूखा दिवस घोषित किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सूखा दिवस की कड़ाई से पालना करने के निर्देश दिए हैं।