प्रतापगढ़. राजस्थान की कांग्रेस शासित गहलोत सरकार के राज में प्रदेश की जनता बढ़ती बिजली की दरें और अनियमित बिजली सप्लाई से परेशान है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने गुरुवार को पत्रकारों से यह बात कही। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं सचिन पायलट की अन्तर्कलह के कारण साढ़े चार साल से प्रदेश की आम जनता को राहत देने की बजाय दिव्यांग, बुजुर्ग महिलाओं को कड़ी धूप में कई घंटों तक कतार में खड़ा कर प्रताडि़त करने का काम गहलोत सरकार कर रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डायरेक्ट बेनिफिट योजना के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सब्सिडी पहुँचाई जा रही है। जोशी ने कहा कि महंगाई राहत कैम्प के माध्यम से कांग्रेस सरकार राजनीतिकरण करने का काम कर रहीं है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी, सह-प्रभारी एवं पदाधिकारी राहत कैम्पों में मुख्य अतिथि के तौर पर जा रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे है। गहलोत सरकार ने 2022-23 के बजट में 100 यूनिट बिजली प्रतिमाह मुफ्त देने की घोषणा की थी, लेकिन 90 दिन से अधिक समय व्यतीत हो के बाद भी उपरोक्त घोषणा लागू नहीं हुई है। राज्य सरकार ने 3 साल से फ्यूल सरचार्ज के नाम से 1 करोड 39 लाख घरेलू उपभोक्ताओं से हर माह वसूली की जा रही है। डिस्कॉम ने पिछले अप्रैल माह में 45 पैसे फ्यूल सरचार्ज लगाया और अब फिर मई माह में 52 पैसे प्रति यूनिट सरचार्ज लगाया जायेगा। गहलोत सरकार के सत्ता में आने के बाद से लेकर अब तक लगभग 15 बार से भी अधिक बिजली दरों में फ्यूल सरचार्ज लगाया गया। 3 साल में घरेलू उपभोक्ताओं से 3 हजार 700 से अधिक फ्यूल सरचार्ज के नाम से वसूली की जा चुकी है। कांग्रेस सरकार ने घोषणा की थी कि 5 वर्ष तक बिजली की दरों में बढ़ोतरी नहीं करेंगे, लेकिन 6 बार से भी अधिक बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई। किसानों को दिन में बिजली देने का वादा 3 बजट में राज्य सरकार ने 1 अप्रैल 2022 से लागू होनी थी लेकिन आज दिन तक किसानों को सर्द रात में ही बिजली 2 से 3 घण्टे दी गई।
बिजली समस्याओं को लेकर देंगे ज्ञापन
जोशी ने कहा कि गहलोत सरकार के राज में बढ़ती बिजली की समस्याओं के विरोध में आगामी दो दिनों में प्रत्येक उपखंड स्तर पर भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि आंदोलन करते हुए ज्ञापन देंगे। आने वाले दिनों में बिजली की समस्याओं से राहत नही मिलती है तो भाजपा जिलेभर में उग्र आंदोलन करेगी। जिला मीडिया प्रभारी हार्दिक छोरिया ने बताया कि पत्रकार वार्ता में जोशी के साथ भाजपा प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीणा, प्रतापगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल कुमावत, चित्तौडगढ़़ भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम दक, जिला परिषद के नेता प्रतिपक्ष हेमन्त मीणा, जिला महामंत्री गजेंद्र चंडालिया, नारायण निनामा, जिला उपाध्यक्ष बगदीराम पाटीदार, जिला मंत्री प्रेमलाल मीणा, जिला सोशल मीडिया प्रभारी निशील छोरिया, प्रधान रमेश मीणा, मंडल अध्यक्ष रितेश सोमानी, भूपेंद्र सिंह राव, शांतिलाल आंजना आदि उपस्थित रहे।