
इलाहाबाद में पुलिस टीम पर फायरिंग, मचा हड़कंप
इलाहाबाद. जिले के कर्नलगंज थाना अंतर्गत बीते दिनों देर रात हुई बमबाजी का मामला अभी ठंड़ा भी नहीं हुआ था कि शनिवार रात सफारी सवार बदमाशों ने शिवकुटी में पुलिस की ईगल टीम पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस दौरान एक होमगार्ड के घायल होने की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस अफस होमगार्ड के घायल होने से इंकार करते रहे। सिपाही की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला समते विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक शिवकुटी के एमएनआईटी यमुना गेट के पास शनिवार देर रात करीब 1 बजे यहां पुलिस की ईगल टीम के सिपाही केदार सिंह यादव साथी होमगार्ड के साथ मौजूद थे। तभी उन्हें अचानक तेलियरगंज की ओर से तेज रफ्तार काली सफारी आती दिखी। रफ्तार तेज देख पुलिसकर्मियों ने गाड़ी रोकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और तेज कर दी।
जिसके बाद पुलिस टीम ने गाड़ी रोकने की कोशिश की तो सफारी में बैठे युवकों ने असलहे से फायरिगं करनी शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिसकर्मी दहसत में आकर पीछे हट गए। जिसके बाद सफारी सवार ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मजार तिराहे की ओर भाग निकले। चर्चा है कि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली होमगार्ड के पैर में लगी और वह घायल हो गया। इस दौरान वहां मौजूद एक कुत्ते की भी गोली लगने से मौत हो गई।
वहीं घटना की जानकारी जब पुलिस विभाग के आलाअधिकारियों को हुई तो महकमें हड़कंप मच गया। आनन फानन में सीओ के साथ एसपी सिटी बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर नाकेबंदी कराई गई। शहर भर में चेकिंग अभियान चलाया गया। भोर तीन बजे तक चेकिंग अभियान चलता रहा लेकिन सफारी सवार बदमाशों का कुछ पता नहीं चला।
मामले में पुलिस अफसरों ने फायरिंग की बात स्वीकार की है। लेकिन होमगार्ड के घायल होने से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि बदमाशों का तलाश की जा रही है। शिवकुटी पुलिस ने बताया कि ईगल के सिपाही केदार यादव की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Published on:
13 Aug 2018 05:01 pm

बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
