रायपुर
पंजाब के खालिस्तान समर्थक के पक्ष में रैली निकालने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ बलवा, शांति भंग जैसे धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। अन्य आरोपियों की भी तलाश चल रही है।
पुलिस के मुताबिक पंजाब पुलिस का वांटेड खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पर हो रही कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को रायपुर में भी कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने अनुमति लिए बिना उसके समर्थन में रैली निकाली। इसके बाद आम आदमी कार्यालय के सामने पुतला दहन किया। प्रदर्शन की आलोचना होने पर देर शाम सिविल लाइन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। उन्हें गुरुवार सुबह 11 बजे तक जवाब देने के लिए कहा गया था। इस मामले को लेकर विधानसभा में भी जमकर बवाल हुआ। इसके बाद पुलिस ने रैली निकालने और प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ धारा 147, 153(ए), 504, 505(1)(बी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया। इसके बाद प्रदर्शन की अगुवाई करने वाले दिलेर सिंह रंधावा, मनिंदरजीत सिंह उर्फ मिंटू, हरविंदर सिंह संधू उर्फ हरिंदर सिंह खालसा, हरप्रीत सिंह रंधावा उर्फ चिंटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।