रायपुर. बॉलीवुड फिल्म लावस्ते 26 मई को देशभर में रिलीज हो रही है। फिल्म की 90 प्रतिशत शूटिंग रायपुर और दुर्ग में हुई है। इतना ही नहीं, इसमें स्थानीय कलाकारों को भी मौका मिला है। शनिवार को मरीन ड्राइव स्थित कैफे में लावस्ते के डायरेक्टर सुधीश कनौजिया, लीड एक्टर ओमकार कपूर के साथ रायपुर वे आर्टिस्ट भी मौजूद रहे जिन्होंने मूवी में रोल किया है। फिल्म में मनोज नेगी का संगीत है, जिसमें सोनू निगम, कैलाश खेर और स्वानंद किरकिरे ने अपनी सुमधुर आवाज दी है। लाइन प्रोड्यूसर रायपुर के अभिषेक बाबा हैं। एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर इम्तियाज खान हैं।
क्या है खास
डायरेक्टर सुदीश ने बताया, फिल्म एक बी.टेक ग्रेजुएट सत्यांश की कहानी है जिसका काम शवों को उठाना है। फिल्म का उद्देश्य लावारिस लाशों की खातिर लोगों को एकजुट करना है, समाज में मौजूद अमानवीयता और त्रासदी पर प्रकाश डालना है। लावास्ते आपको भावनाओं और आश्चर्य से भरी एक गली में ले जाएगी। फिल्म की कहानी आपको एंटरटेनमेंट देने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर इम्तियाज खान ने बताया, शूटिंग में मुख्यमंत्री के सलाहकार गौरव द्विवेदी का पूरा सपोर्ट रहा। यह फिल्म कई मायनों में अलग है। जब आप मूवी देखेंगे तो खुद समझ जाएंगे।
नए जॉनर का मजा ही अलग है
अभिनेता ओमकार कपूर को लोग छोटा बच्चा जानके ना कोई आंख दिखाना रे…से जानते हैं। उन्होंने कई फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया है। प्यार का पंचनामा-2 में भी वे नजर आए। रोमांटिक कॉमेडी से हटकर गंभीर रोल के अनुभव पर बोले- एक आर्टिस्ट को अलग-अलग भुमिकाएं करनी चाहिए। मुझे इस मूवी में बड़ा मजा आया। वैसे भी ऐसे कंटेंट पर भला कौन काम नहीं करना चाहेगा।
मुनाफे का 10 प्रतिशत लावारिस लाशों को उठाने वाले संगठनों को डोनेट करेंगे
मेकर्स ने बताया, यह फिल्म उस त्रासदी पर प्रकाश डालती है जिसे अक्सर हमारे समाज में अनदेखा किया जाता है, लावारिस शवों की दुर्दशा। हम फिल्म के मुनाफे का 10 प्रतिशत लावारिस लाशों को उठाने के संगठनों को डोनेट करेंगे। डायरेक्टर सुदीश कनौजिया ने कहा, लावास्ते आपको भावनाओं और आश्चर्य से भरी एक गली में ले जाएगी। फिल्म की कहानी आपको एंटरटेनमेंट देने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
ये हैं स्थानीय कलाकार जो फिल्म में दिखेंगे
मयंक शर्मा, नीरज गुप्ता, डॉ. लखेश्वर यादव, करुणा खंडेलवाल, अभिषेक चौधरी, अमितेश टेयरी, सूरज सोनी। इनके अलावा भी स्थानीय कलाकार हैं।