13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राष्ट्रगान के दौरान तिरंगे में अशोक चक्र को नीले की जगह दिखा रहे काला

ध्वज संहिता का उल्लंघन : मल्टीप्लेक्स संचालकों ने कहा-भारतीय फिल्म डिविजन से मिला है वीडियो  

2 min read
Google source verification
राष्ट्रगान के दौरान तिरंगे में अशोक चक्र को नीले की जगह दिखा रहे काला

राष्ट्रगान के दौरान तिरंगे में अशोक चक्र को नीले की जगह दिखा रहे काला

जितेन्द्र दहिया

रायपुर . राजधानी में 24 मल्टीप्लेक्स में लोग 6-6 शो में मूवी देखने पहुंचते हैं। मूवी शुरू होने से पहले अधिकांश लोग राष्ट्रीयगान के सम्मान में खड़े भी होते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि राष्ट्रीयगान के समय दिखाए जा रहे तिरंगे में बने अशोक चक्र का रंग गहरे नीले रंग की जगह काले रंग का दिखाया जा रहा है। एेसा नहीं है कि राजधानी में बैठे प्रशासनिक अधिकारी या मंत्री मूवी देखने नहीं जाते। कुछ दिन पहले ही छपाक और तानाजी को लेकर सियासत भी गरमाई थी। दोनों प्रमुख दलों के आला नेता दल-बल समेत फिल्म से पहले राष्ट्रीयगान के दौरान तिरंगे की झलक भी देखी। आश्चर्य की बात है कि सभी राष्ट्रीय व प्रादेशिक मुद्दों पर पैनी नजर रखने वाले सियासतदां की नजर भी इस गफलत पर नहीं पड़ी।

1947 में मिली थी चरखे की जगह अशोक चक्र लगाने की स्वीकृति

भारतीय संविधान में 22 जुलाई 1947 को अशोक चक्र को राष्ट्रीय ध्वज में लगाने की स्वीकृति मिली। अशोक चक्र का नीले रंग का चक्र जीवन में गतिशीलता और इसकी तिलियां धर्म के 24 नियम बताती हैं। भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंगों की तरह इसकी बनावट भी खास है। महात्मा गांधी के सुझाव के बाद ध्वज में केसरिया, सफेद और हरे रंग की पट्टियों के बीच चरखे की जगह अशोक चक्र रखा गया।

6 माह की सजा का प्रावधान

भारत का राष्ट्रीय झंडा, भारत के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतिरूप है। यह राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। सभी के मार्गदर्शन और हित के लिए भारतीय ध्वज संहिता-2002 में सभी नियमों, रिवाजों, औपचारिकताओं और निर्देशों को एकसाथ लाने का प्रयास किया गया है। ध्वज संहिता-भारत के स्थान पर भारतीय ध्वज संहिता-2002 को 26 जनवरी 2002 से लागू किया गया है। अशोक चक्र या तिरंगे के गलत प्रदर्शन पर उक्त संहिता के आधार पर छह माह की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।

वर्जन

मामले की शिकायत मिली है। यह बेहद गंभीर और शर्मनाक है। इसकी जांच की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डॉ. एस. भारतीदासन, कलेक्टर रायपुर

वर्जन

बीते सप्ताह अपडेट वर्जन भारतीय फिल्म प्रभाग से मिला है, जिसमें नीले रंग का अशोक चक्र है। हम नया वर्जन ही दिखा रहे हैं। लाभांश तिवारी, संचालक, श्याम टॉकीज

वर्जन

राष्ट्रीय गान में तिरंगे का जो वीडियो दिखाया जा रहा है, वह हमें भारतीय फिल्म प्रभाग की ओर से मिला है। उसी को प्रदर्शित किया जाता है। मुरली किशन, प्रबंधक, पीवीआर, मैग्नेटो मॉल

वर्जन

तकरीबन एक वर्ष पूर्व वीडियो भारतीय फिल्म प्रभाग की ओर से मिला था, तब से उसी का प्रदर्शन किया जा रहा है। तुकेश्वर साहू, प्रबंधक, ग्लिट्ज सिनेमा, कलर्स मॉल

वर्जन

हमने उक्त प्रकरण की जानकारी मुंबई स्थित फिल्म डिवीजन को दे दी है। पहले भी वहां शिकायत हो चुकी थी, इसलिए नया वीडियो सभी मल्टीप्लेक्स में भेज दिया गया है। नए वीडियो में त्रुटि सुधार कर दिया गया है, जिन जगहों पर पुराने वीडियो दिखाए जा रहे हैं, उन सबको नोटिस के माध्यम से सूचित करेंगे।

सुनील कुमार तिवारी, डिप्टी डायरेक्टर, पीआईबी