CG Election 2025: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के भाजपा के पक्ष में प्रचार करने को लेकर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है।
CG Election 2025: कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के खिलाफ राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत की है। कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष पर संवैधानिक पद में रहते हुए चुनाव प्रचार करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने भी मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधि विभाग की ओर से निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखा गया है।
इसमें कहा गया कि राज्य में नगरीय निकाय चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर 20 जनवरी से आचार संहिता लागू है। ऐसी स्थिति में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का प्रचार-प्रसार करना आपत्तिजनक है। कांग्रेस विधि विभाग ने पत्र में लिखा है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सिंह संवैधानिक पद पर होने के बाजवूद भाजपा का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। यह आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है।
CG Election 2025: भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस के आरोपों को दिमागी दीवालियापन का परिचायक बताया है। श्रीवास्तव ने कहा, लगातार हार से कांग्रेस बौखला गई है। उन्होंने कहा, विधानसभा अध्यक्ष पद को संवैधानिक पद बताकर डॉ. सिंह के भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होने को संविधान का उल्लंघन बता रहे हैं।
कांग्रेसियों में जरा भी शर्म बाकी नहीं रह गई है। मुद्दों के संकट से जूझ रही कांग्रेस हर बार खाली संविधान-संविधान की रट लगा रही है, जबकि वे न तो संविधान पढ़ते हैं, न संविधान को मानते हैं। दरअसल कांग्रेस डॉ, रमन सिंह के नाम से खौफ खाती है इसलिए वह ऐसी हरकत कर रही है।