रायपुर. अब पुलिस थानों के अलावा सोशल मीडिया पर भी एक्शन में रहती है। यही वजह है कि लोग घर बैठे रोज किसी न किसी सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए पुलिस से शिकायतें कर रहे हैं। पुलिस भी इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई कर रही है। ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम और वाट्सऐप जैसे सोशल मीडिया के जरिए पुलिस को साल भर में 450 से ज्यादा शिकायतें मिलीं, इनमें से 350 से ज्यादा शिकायतों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। अपनी शिकायत में लोगों ने घटना से संबंधित फोटो, वीडियो पुलिस को शेयर किया था। इस आधार पर पुलिस ने उन मामलों पर तत्काल एक्शन लिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया के जरिए पुलिस ने वर्ष 2022 में कुल 380 शिकायतों का निराकरण किया है। इस हिसाब से पुलिस औसतन रोज एक शिकायत का निराकरण कर रही है।