नई दिल्ली. पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में रविवार को बारिश से सर्दी फिर लौट आई। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने 30 जनवरी को भी उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में सुबह से शाम तक थम-थम कर बूंदाबांदी होती रही। न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। राजस्थान में सर्दी का सितम जारी है। बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 95 फीसदी दर्ज की गई। सोमवार को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट ओलावृष्टि के आसार हैं। इसके साथ ही पूर्वी उत्तरप्रदेश, दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।