
जिम की लिफ्ट में फंसी IAS ऋचा शर्मा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
IAS Richa Sharma: रायपुर में लिफ्ट खराबी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इस बार सामने आया मामला प्रशासनिक हलकों में गंभीर चिंता का कारण बन गया है। एयरपोर्ट मार्ग स्थित श्रीराम मंदिर चौक के पास बने करेंसी टावर में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब छत्तीसगढ़ शासन की असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी (ACS) ऋचा शर्मा करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसीं रहीं। गनीमत रही कि समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 6:30 बजे की है। ऋचा शर्मा रोज की तरह करेंसी टावर स्थित साईकस जिम जाने के लिए पहुंची थीं और लिफ्ट से ऊपर जा रही थीं। इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई और वे अंदर ही फंस गईं।
सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि लिफ्ट के अंदर न तो पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था। ऐसे में कुछ ही मिनटों में घुटन और घबराहट की स्थिति बनने लगी। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म या हेल्पलाइन जैसी आवश्यक सुविधाएं भी मौजूद नहीं थीं, जिससे तत्काल मदद मिलना मुश्किल हो गया।
स्थिति को देखते हुए ऋचा शर्मा ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अधिकारियों को सूचना दी। इस दौरान उन्होंने राज्य के ऊर्जा सचिव डॉ. रोहित यादव से भी संपर्क कर इमारत की बिजली और बैकअप व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
करीब 20 मिनट तक चले प्रयासों के बाद लिफ्ट का दरवाजा मैन्युअली खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद भी कुछ समय तक उनकी तबीयत सामान्य नहीं रही, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करेंसी टावर में लिफ्ट खराब होने की शिकायतें पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। यहां स्थित साईकस जिम में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रबंधन द्वारा लिफ्ट की नियमित जांच और रखरखाव को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। वहीँ घटना के बाद ऋचा शर्मा ने नाराजगी जाहिर करते हुए बिल्डिंग प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है।
Updated on:
20 Apr 2026 01:25 pm
Published on:
20 Apr 2026 01:18 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
