
ऑनलाइन व्यापार में FDI के खिलाफ छत्तीसगढ़ बंद, चैंबर सहित 200 संगठनों का समर्थन
रायपुर. रिटेल में ऑनलाइन बिजनेस के बढ़ते दखल और इस क्षेत्र में एफडीआइ के विरोध में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने देशव्यापी बंद का आह्नान किया है, जिसका असर शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में भी होगा। ऑनलाइन व्यापार के खिलाफ 28 सितम्बर को बंद के इस आह्नान को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने समर्थन दे दिया है।
चैंबर ने कैट के बंद को नैतिक समर्थन देते हुए ऑनलाइन व्यवसाय के बढ़ते दायरे को रिटेल बिजनेस के लिए खतरा बताया है। कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी, कार्यकारी अध्यक्ष मगेलाल मालू, विक्रम सिंहदेव, महामंत्री जितेंद्र दोशी, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, प्रभारी महामंत्री परमानंद जैन ने बताया कि हम शांतिपूर्वक ऑनलाइन व्यवसाय का विरोध करेंगे। प्रदेश में बंद को 200 संगठनों का समर्थन हासिल हो चुका है, जिसमें राजधानी में 96 व्यापारी संगठन शामिल है। इसके विरोध स्वरूप प्रदेश के सभी जिलों में कारोबार पूरी तरह ठप रहेगा। कैट के इस अपील पर ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने भी समर्थन दिया है। दवाओं की खरीदी-बिक्री पर बड़ा असर रहेगा।
रायपुर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, कोरबा, अंबिकापुर, बस्तर, सरगुजा आदि जिलों में बंद का व्यापक असर रहेगा। बंद के दौरान व्यापारी संगठनों और समुदायों से अपील की गई है कि वे शांति बनाए रखेंगे। पेट्रोल-पंप, स्कूल-कॉलेज, बैंक इससे प्रभावित नहीं होंगे। पहली बार कैट ने यह पहल की है कि बंद के दौरान पेट्रोल-पंपों को चालू रखा जाएगा।
कैट के बंद के आह्नान को स्वदेशी जागरण मंच, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू), छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन, छग ऑटोमोबाइल्स डीलर्स एसो., थोक व्यापारी संघ, मोबाइल डीलर्स एसोसिएशन, रविभवन व्यापारी संघ, छग व्हीकल डीलरशिप एसो, छग रेडीमेड एसोसिएशन, रायपुर एफएमसीजी ट्रेड, थोक किराना व्यापारी संघ, हार्डवेयर पेंट सेनटरी एसो., रायपुर इलेक्ट्रिकल मर्चेंट एसोसिएशन , होलसेल फुटवियर एसोसिएशन, रायपुर रेडीमेड और होजयरी एसोसिएशन, द रायपुर थोक व्यापारी संघ, बर्तन व्यापारी संघ, सीजी पेंट एंड रंग निर्माता एसोसिएशन, कार एसेसरीज एसोसिएशन, छग केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, छग शुगर ट्रेड एसोसिएशन, छग कम्युटर एंड मीडिया एसोसिएशन, छग ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन, गुरूनानक चौक व्यापारी संघ, इलेक्ट्रिकल एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों ने समर्थन दिया है। राजधानी में 28 सितंबर को बंद के दौरान घड़ी चौक पर व्यापारी नेता सभा को संबोधित करेंगे। राजधानी में 96 व्यापारी संगठन बंद के समर्थन में रैलियां निकालेंगे।
प्रधानमंत्री के नाम सौंपेगे ज्ञापन
कैट ने केंद्र और राज्य सरकारों को ई-कॉमर्स पॉलिसी पर ठोस नीति बनाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। इसी परिप्रेक्ष्य में शुक्रवार को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्ट्रोरेट में प्रतिनिधिमंडल कलक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।
Updated on:
27 Sep 2018, 9:13 PM IST
Published on:
27 Sep 2018, 9:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.