19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / राहुल ने पीएम और सीएम की नीयत पर उठाए सवाल, बोले- भाजपा ने लोगों का पैसा छीनकर अमीरों में बांटा

राहुल ने पीएम और सीएम की नीयत पर उठाए सवाल, बोले- भाजपा ने लोगों का पैसा छीनकर अमीरों में बांटा

राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की नीति और नीयत पर सवाल उठाए
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Deepak Sahu

•

Updated: 14 Nov 2018, 8:36 AM IST

CGNews

राहुल ने पीएम और सीएम की नीयत पर उठाए सवाल, बोले- भाजपा ने लोगों का पैसा छीनकर अमीरों में बांटा

रायपुर. छत्तीसगढ़ के सियासी संग्राम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की नीति और नीयत पर सवाल उठाए। महासमुंद के बेमचा में राहुल गांधी ने कहा कि आपने नए प्रदेश के लिए संघर्ष किया। सोचा था छत्तीसगढ़ का धन, उसके संसाधन छत्तीसगढ़ के काम आएंगे। यहां 15 वर्ष से भाजपा की सरकार है। साढ़े चार वर्ष से केंद्र में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। इन वर्षों में भाजपा ने आपका धन छीनकर कुछ चुनिंदा लोगों को दे दिया।

सभा में उमड़ी भीड़ से उत्साहित राहुल गांधी बोले कि चोरी
अक्सर रात में होती है, यहां मुख्यमंत्री ने दिनदहाड़े खुलकर चोरी की। राशन घोटाले में इनका नाम आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि फसल बीमा का पैसा भी अमीर लोगों के काम आ रहा है। प्रधानमंत्री अपने मित्र उद्योगपतियों को साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर देते हैं, लेकिन किसानों को राहत नहीं देते। मैं किसानों के लिए न्याय मांगने आया हूं। अगर उद्योगपतियों का लाखों करोड़ रुपया माफ हो सकता है तो किसानों का कर्ज माफ करना ही होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के 10 दिनों में किसानों-युवाओं के हाथ में लगी घुटन की हथकडिय़ां तोड़ दी जाएंगी। यह घुटन इसलिए महसूस होती है कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री आपके लिए काम नहीं करते। राहुल गांधी ने बलौदाबाजार, जांजगीर और खरसिया में भी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया, प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल और पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत उनके साथ बने रहे।

पूरे समय मंच पर खड़े रहे चारों उम्मीदवार
राहुल गांधी के पहुंचने से पहले महासमुंद जिले के चारों कांग्रेस उम्मीदवार पंडाल के बाहर खड़े होकर लोगों से मुलाकात करते रहे। राहुल गांधी के मंच पर पहुंच जाने के बाद सरायपाली से उम्मीदवार किश्मतलाल नंद, बसना के देवेंद्र बहादुर सिंह, खल्लारी के द्वारिकाधीश यादव वहां पहुंचे। प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल ने सबका राहुल से परिचय कराया। महासमुंद के उम्मीदवार विनोद चंद्राकर सबसे बाद में पहुंचे तो भूपेश लगभग उनको पीछे से बांह में पकडकऱ राहुल गांधी के सामने ले गए। राहुल गांधी ने लोगों से उनको वोट देने को कहा। पूरे भाषण के दौरान चारों मंच पर सामने मुंह करके खड़े रहे।

भूपेश बोले- रोटी ल नइ पलटबे त जर जही
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार ने 15 साल में केवल छीना-पुता (छीनकर मिटा देना) किया है। महिलाएं जानती हैं, रोटी को कुछ समय बाद तवे पर नहीं पलटा तो वह जल जाती है। भाजपा सरकार को 15 साल हो गया। अब नहीं पलटा तो वह जला देगी। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. विद्याचरण शुक्ल के परिवार के लिए भी न्याय मांगा।

चार बिंदुओं में समझिए राहुल की बात
1. भाजपा को उद्योगपतियों की पक्षधर बताया
कहा भाजपा की सरकार में आप जो कुछ भी करते हो उसका फायदा कुछ अमीरों को मिलता है। हिंदुस्तान में दो देश नहीं हैं कि एक अमीरों का हो गया और एक गरीबों का। हिंदुस्तान का एक झंडा है तो एक हिंदुस्तान होना चाहिए। सरकार ने 15 सबसे बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ कर दिया। रफाल विमान सौदे में जनता का 30 हजार करोड़ रुपया अनिल अंबानी की जेब में डाला गया। जमीनों के दाम बढ़ रहे हैं तो अमीर लोग जमीनें लेकर लैंड बैंक बनाना चाहते हैं, भाजपा उनकी मददगार है।

2. पीएम को जवाब दिया
सोमवार को बिलासपुर में प्रधानमंत्री ने कहा था कि नोटबंदी से तकियों के नीचे रखे नोट बाहर निकाले हैं। हां, उन्होंने नोटबंदी से ऐसा किया है, लेकिन ये नोट हमारी गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाओं के तकियों के नीचे उनकी गाढ़ी बचत के निकले हैं, गरीबों का पैसा निकाल कर पीएम ने हिंदुस्तान के सभी चोरों का कालाधन सफेद कर दिया। इस पर भीड़ में से कोई चिल्लाया अब तो वो सफेद से गुलाबी हो गया। हमारे हजारों करोड़ लेकर विजय माल्या भाग गया, ललित मोदी भाग गया, नीरव मोदी, मेहुल चौकसी भाग गए।

3. समस्याओं को छुआ
कहा यहां सरकारी अस्पताल की सुविधा नहीं मिली। स्कूल बंद हो गए। आउटसोर्सिंग के नाम पर दूसरे प्रदेशों से आरएसएस के लोगों को नौकरी दी गई। किसानों को उनकी उपज का सही दाम नहीं मिला। भाजपा सरकार ने जिस मूल्य और बोनस का वादा किया था, वह नहीं दिया। नोटबंदी और जीएसटी ने लघु उद्यमियों को जबरदस्त चोट पहुंचाई। ऐसा इ-कॉमर्स कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया। पेट्रोल के दाम बढ़ाए। गरीबों का केरोसीन छीन लिया और गैस का दाम बढ़ा दिया।

4. कांग्रेस का एजेंडा बताया
कहा कांग्रेस आपका पैसा अनिल अंबानी, नीरव मोदी और मेहुल चौकसी को नहीं देगी। इस पैसे को स्कूल, अस्पताल यूनिवर्सिटी में डालकर आपके बच्चों का भविष्य बनाएगी। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवाएं मिलेंगी। किसानों का कर्ज माफ होगा। धान का 2500 रुपया मिलेगा। सरकारी नौकरियों में आउट सोर्सिंग खत्म होगी। भाजपा ने वादा करके जो बोनस नहीं दिया है वह कांग्रेस की सरकार देगी। छत्तीसगढ़ के किसान को लगेगा कि इस सरकार में उसकी आवाज सुनी जाती है।

कहीं पर निगाहें कहीं पर निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चरणदास महंत ने कहा कि दिवंगत विद्याचरण शुक्ल इस क्षेत्र की लंबे समय से सेवा करते रहे हैं। यहां कोई विकास नहीं हुआ। बड़ा क्षेत्र अभी भी एकफसली है। यहां 247 लोगों ने आत्महत्या की है। यह विकास के दावे की हकीकत है जो रमन सिंह करते रहते हैं। इससे पहले उन्होंने पुनिया के लिए सभी को एकजुट कर इक_ा करने वाले बताया।