विधानसभा में सक्रियता: विपक्ष के अलावा सत्ता पक्ष के छह विधायक भी शामिल- ढाई साल में विधायकों ने सरकार से किए 12 हजार से अधिक सवाल
रायपुर . आम जनता ने जिन उम्मीदवार को चुनाव जीताकर विधायक बनाया है, उनकी सक्रियता विधानसभा में कम दिखाई देती है। प्रदेश में 90 में से 16 विधायक ही ऐसे हैं, जो 300 सवालों ने क्लब में शामिल हैं। महत्वपूर्ण यह है कि इसमें सत्ता पक्ष के छह विधायक भी है। जबकि विधानसभा में सत्ता पक्ष के विधायकों की सवाल लगाने की रुचि कम ही रहती है। वहीं 200 सवाल पूछने वाले क्लब में केवल 9 विधायक शामिल हैं। मुख्यमंत्री और मंत्री सदन में सवाल नहीं लगाते हैं। बता दें कि सत्ता और विपक्ष के विधायकों ने पिछले ढाई साल में विधानसभा में अब तक कुल 12 हजार 286 सवाल लगाएं हैं।
भाजपा ने धरम और कांग्रेस से दलेश्वर सबसे आगे
सवाल लगाने के मामले में विपक्ष होने के बाद भाजपा विधायक ज्यादा सक्रिय है। इनके 15 में सात विधायकों ने 300 से अधिक सवाल लगाएं हैं। इसमें सबसे अधिक 358 सवाल नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने लगाए हैं। वहीं कांग्रेस की बात करें, तो डोंगरगांव के कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू ने अपनी ही सरकार से सबसे अधिक 348 सवाल पूछे हैं। भाजपा की तरफ से दूसरे नम्बर पर कुरुद विधायक अजय चंद्राकर तो कांग्रेस की तरफ से दुर्ग विधायक अरुण वोरा का नाम शामिल हैं।
महिला विधायक भी पीछे नहीं
विधानसभा में सरकार से सवाल पूछने के मामले में महिला विधायक भी पीछे नहीं है। वर्तमान में विधानसभा में 12 महिला विधायक है। इसमें विपक्ष की दो महिला विधायकों ने 300 से अधिक सवाल लगाए हैं। इसमें धमतरी की भाजपा विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू और पामगढ़ से बसपा विधायक इंदू बंजारे शामिल हैं। रंजना ने 328 और इंदू ने 319 सवाल लगाए हैं। खास बात यह है कि ये दोनों महिला विधायक पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। जबकि बैकुंठपुर से कांग्रेस विधायक अंबिका सिंह के सवाल की संख्या सबसे कम है। उन्होंने पहले सत्र में एक भी सवाल नहीं लगाए थे। बाद में संसदीय सचिव बनाई गई है।
READ MORE : नशेड़ी बेटे ने सगी मां को मिट्टी तेल उड़ेलकर जिंदा जलाया, मां कहती रही नशा छोड़ दे बेटा और हो गया सब तबाह...
रमन ने 187 और भसीन ने लगाए 76 सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा में सरकार से 187 सवाल पूछे हैं। जबकि भाजपा विधायक वैशालीनगर के भाजपा विधारतन भसीन ने सबसे कम 76 सवाल किए हैं। कांग्रेस विधायकों की तुलना में इनका प्रदर्शन ठीक हैं। कांग्रेस में तीन विधायक ऐसे हैं, जो इनसे भी कम सवाल पूछे हैं। सराईपाली से कांग्रेस विधायक किस्मत लाल नंद ने सिर्फ 47 सवाल लगाए हैं। तीन सत्र में तो उन्होंने एक भी सवाल नहीं किया था। भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव और जशपुर के कांग्रेस विधायक विनय कुमार भगत ने 61 सवाल पूछे हैं।
ये विधायक शामिल
भाजपा के- धरमलाल कौशिक 358, अजय चंद्राकर 356, सौरभ सिंह 353, बृजमोहन अग्रवाल 350, शिवरतन शर्मा 332, रंजना डीपेन्द्र साहू 328, नारायण चंदेल 322।
जकांछ के- धर्मजीत सिंह-339
बसपा से- केशव चंद्रा 356, इंदू बंजारे 319
कांग्रेस से- दलेश्वर साहू 348, अरुण वोरा 339, लखेश्वर बघेल 323, धनेन्द्र साहू 307, प्रकाश नायक 304, संतराम नेताम 352