
रायपुर . मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नाराजगी जताते हुए अपनों जिलों में कमजोर प्रदर्शन करने वाले 7 कलक्टरों को सीएम हाउए तलब किया। सोमवार को सीएम हाउस पहुंचे कोरिया के कलक्टर नरेंद्र दुग्गा, बस्तर कलक्टर धनजंय देवांगन, कोंडागांव कलक्टर नीलकंठ टेकाम, कांकेर कलक्टर टामन सिंह सोनवानी, बीजापुर कलक्टर एयाज तंबोली, सुकमा कलक्टर जयप्रकाश मौर्य और अंबिकापुर कलक्टर किरण कौशल को मुख्यमंत्री ने विकास कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएम ने कहा कि सरकार की बहुत सी महत्वपूर्ण योजनाएं ठीक ढंग से धरातल पर नहीं पहुंच पा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना में यदि धमतरी जिले की उपलब्धियां बेहतर हो सकती है तो अन्य जिलों की क्यों नहीं? कांकेर और बस्तर जिलों के कलक्टरों को स्वच्छ भारत मिशन योजना को फलीभूत करने के लिए ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है, क्योंकि इन जिलों में इस मिशन का काम संतोषजनक नहीं है।
सूखा प्रभावित इलाकों में चले काम
सीएम ने कलक्टरों से कहा, प्रदेश की जिन तहसीलों में सूखा है वहां मनरेगा के तहत लोगों को न केवल काम मिलना चाहिए बल्कि यह भी सुनिश्चित हो कि मजदूरी का भुगतान भी समय पर हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत २७ जिलों में ४ लाख से अधिक मकान बन जाने चाहिए थे।
लेकिन केवल एक लाख 8 हजार 383 मकान ही बनाए जा सके हैं। इसमें और अधिक तेजी लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासों में गुणवत्ता होनी चाहिए और इसका निर्माण समय सीमा से पहले होना चाहिए।
नजर रखें पड़ोसी राज्य के धान पर
मुख्यमंत्री ने जिला कलक्टरों को सहकारी समितियों के माध्यम से की जाने वाली धान खरीदी पर ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब धान खरीदी का समय आता है तो पड़ोसी राज्यों का धान भी सहकारी समितियों में खप जाता है। उपार्जन केंद्रों में इस बात का ध्यान रखना है कि पड़ोसी राज्य का धान सहकारी समितियों में न आ सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल किसानों को पिछले साल की धान खरीदी पर बोनस दिया गया है। अगली बार भी बोनस दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बताया कि 1 से 10 दिसंबर तक तेंदूपत्ता तिहार मनाया जाएगा। उन्होंने सभी कलक्टरों को इसकी तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश् दिए।
Published on:
24 Oct 2017 01:16 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
