रायपुर. पिछले वर्ष 14 फरवरी की सुबह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 44 जवान शहीद हो गए थे। इन जवानों की शहादत की पहली बरसी के बहाने कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जवानों की ट्वीटर पर जवानों की शहादत को नमन करते हुए केंद्र से सवाल पूछे हैं। उन्होंने पूछा, इस हमले में इस्तेमाल हुआ 300 किलोग्राम आरडीएक्स कहां से आया। हमले की जांच कहां तक पहुंची और शहीदों के परिवारों को न्याय मिल गया। इन सवालों के साथ मुख्यमंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें उन्होंने पुलवामा हमले पर सवाल उठाए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कई मंचों से बार-बार यह सवाल दोहराते रहे हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपचुनाव और नगरीय निकाय चुनाव की प्रचार सभाओं ने इन्हीं सवालों के जरिए भाजपा के राष्ट्रवाद को निशाने पर लिया था।