- राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी राशि देने से वाहनों की संख्या बढ़ी.
राकेश टेम्भुरकर @ रायपुर. पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ रही कीमतों को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का लगातार क्रेज बढ़ रहा है। 2022 के दौरान प्रदेश में 499788 ईंधन चलित वाहनों की बिक्री हुई। इसमें करीब 50000 ईवी शामिल है। औसतन हर 10 ईंधन चलित वाहनों में 1 ईवी शामिल है। इसमें सबसे अधिक संख्या दोपहिया और तीन पहिया ऑटो शामिल है। ऑटोमोबाइल्स कारोबारियों का कहना है कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी और रोड टैक्स में छूट दिए जाने से ईवी की बिक्री में इजाफा हो रहा है। वहीं डिमांड को देखते हुए सभी नामी कंपनियों द्वारा भी इसका निर्माण किया जा रहा है। इसे अक्टूबर-नवंबर में लांच करने की तैयारी चल रही है। इसके बाद विभिन्न तरह के मॉडल और आकर्षक कीमतों में यह मिलेगा। बता दें कि परिवहन विभाग में रजिस्टर्ड 1292 वाहन खरीदारों को राज्य सरकार द्वारा 2 करोड़ 35 लाख 90515 रुपए की सब्सिडी राशि दी गई है।
रजिस्ट्रेशन में छूट
ईवी को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीयन और रोड टैक्स में छूट दी गई है। 50 किमी प्रतिघंटे से कम रफ्तार वाली वाहनों को परिवहन विभाग में पंजीयन नहीं कराना पड़ता है। वहीं 50 किमी से अधिक रफ्तार से चलने वाली वाहनों को प्रोत्साहित करने उसकी कीमत का न्यूनतम 10 फीसदी और अधिकतम 1.50 लाख रुपए की सब्सिडी राशि दी जा रही है। ताकि ईवी की बिक्री को बढ़ाया जा सके।
फैक्ट फाइल
(2022 में वाहनों का विक्रय)
ईंधन चलित वाहनों का विक्रय — 499788
इलेक्ट्रिक वाहनों का विक्रय — 50,000 से ज्यादा
शासकीय विभागों में प्राथमिकता
राज्य सरकार द्वारा ईवी पॉलिसी को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न शासकीय विभागों को जरूरत के अनुसार इसकी खरीदी करने कहा गया है। इसे देखते हुए वन विभाग इसकी खरीदी करने की तैयारी में जुटा हुआ है। वहीं रायपुर नगर निगम द्वारा भी इलेक्ट्रिक बसों को चलाए जाने की योजना बनाई गई है।
- विवेक गर्ग, अध्यक्ष, रायपुर ऑटोमोबाइल्स एसोसिएशन
प्रोत्साहन योजना
राज्य सरकार द्वारा ईवी की ब्रिक्री को प्रोत्साहित करने सब्सिडी दी जा रही है। इसकी खरीदी करने वालों की सुविधा के लिए जल्दी ही चार्जिंग स्टेशन भी खोले जाएंगे।
- एस प्रकाश, सचिव, परिवहन