रायपुर. छत्तीसगढ़ के क्रिकेट खिलाडिय़ों को देशभर में पहचान दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (सीएससीएस) आईपीएल की तर्ज पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर टी-20 लीग (सीसीपीएल) का आयोजन करने जा रहा है। गुरुवार को सीएससीएस ने सीसीपीएल के आयोजन की आधिकारिक घोषणा की। इस टूर्नामेंट में केवल प्रदेश के क्रिकेटर ही खेलेंगे। आईपीएल की तर्ज पर छह टीमों का गठन किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक टीम में 16-20 (कुल 120) खिलाड़ी शामिल होंगे। खिलाडिय़ों को नीलामी के माध्यम से टीमें अपने लिए चुने सकेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत जून के प्रथम या द्वितीय सप्ताह में होगी। इस टूर्नामेंट को बीसीसीआई से स्वीकृति मिलने के बाद सीएससीएस आयोजन करने जा रहा है।