21 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG News: रायपुर में ड्रग्स तस्करी का खेल, बीपी मशीन में भरकर दिल्ली से भेज रहे, एक तस्कर गिरफ्तार

CG News: ड्रग्स तस्करी की सूचना मिली। इसके बाद क्राइम ब्रांच और एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (एएनटीएफ) ने घेराबंदी करके कार सीजी 04 एनएक्स 3300 को पकड़ा।

2 min read
Google source verification
CG News: रायपुर में ड्रग्स तस्करी का खेल, बीपी मशीन में भरकर दिल्ली से भेज रहे, एक तस्कर गिरफ्तार

आरोपी ड्रग तस्कर गिरफ्तार (Photo Patrika)

CG News: रायपुर में ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क लगातार नए तरीके अपना रहा है, जहां अब कोरियर सेवा के जरिए नशीले पदार्थ मंगाने का मामला सामने आया है। तस्कर सामान्य सामान—जैसे मेडिकल उपकरण—के भीतर ड्रग्स छिपाकर सप्लाई कर रहे हैं, जिससे जांच एजेंसियों को चकमा दिया जा सके।

बीपी मशीन में ड्रग्स (कोकीन) भरकर कोरियर के जरिए रायपुर भेजी जा रही है। देवेंद्र नगर इलाके से एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने दिल्ली के ड्रग्स तस्करों से कोकीन मंगाई थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इसमें विदेशी ड्रग्स तस्करों के शामिल होने का पता चला है।

पुलिस के मुताबिक देवेंद्र नगर इलाके में ड्रग्स तस्करी की सूचना मिली। इसके बाद क्राइम ब्रांच और एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (एएनटीएफ) ने घेराबंदी करके कार सीजी 04 एनएक्स 3300 को पकड़ा। उसमें सवार कृष्ण गोपाल अग्रवाल की तलाशी ली गई, तो उसके पास एक पार्सल मिला।

इसमें बीपी मशीन थी। इसे दिल्ली से कोरियर के जरिए मंगाई गई थी। मशीन को खोलने पर उसमें 4.55 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पूछताछ में उसने दिल्ली के तस्करों से मंगाने का खुलासा किया। जब्त कोकीन की कीमत 2 लाख 27 हजार 500 रुपए बताई गई है।

लंबे समय से चल रहा गोरखधंधा

रायपुर में कोरियर से ड्रग्स मंगाने का खेल लंबे समय से चल रहा है। इसमें दिल्ली, मुंबई के ड्रग्स माफिया शामिल हैं। कोरियर से ड्रग्स मंगाने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। चर्चित ड्रग्स सिंडीकेट से जुड़ी नव्या मलिक और विधि के पास भी दिल्ली, मुंबई और हरियाणा के तस्करों के जरिए ड्रग्स आती थी।

विदेशी नागरिक का आया नाम

पकड़े गए कृष्ण गोपाल अग्रवाल के मोबाइल के कॉल डिटेल खंगाले जा रहे हैं। इसमें वह खुद के उपयोग के साथ अपने साथियों को भी कोकीन बेचता था। उसके दिल्ली में ड्रग्स तस्करी करने वाले विदेशी नागरिक निक से भी संबंध का पता चला है। पुलिस उसकी तलाश में लगी है।

कार और आईफोन भी जब्त

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कोकीन के साथ आरोपी के पास से एक कार ग्रैंड विटारा और एप्पल आईफोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 20.27 लाख रुपए बताई गई है।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी कई राज्यों से कोरियर के माध्यम से कोकीन मंगवाकर उसकी सप्लाई करता था। इस मामले में कोरियर कंपनी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।