13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फेसबुक में विदेशी से दोस्ती करना पड़ा महंगा, गिफ्ट भेजने का झांसा देकर महिला से साढ़े सात लाख की ठगी

- 22 बार अलग-अलग बैंक खातों में पैसा जमा करवाया ठगों ने, नाइजीरियन ठग होने की आशंका।

3 min read
Google source verification
fb_fraud.jpg

रायपुर। फेसबुक में विदेशी व्यक्ति से दोस्ती करना एक महिला को महंगा पड़ा। फेसबुक फ्रेंड ने विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने और स्कीन के दाग का इलाज करने के नाम पर साढ़े सात लाख रुपए से अधिक की ऑनलाइन ठगी कर ली। इसकी शिकायत पर खमतराई पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। ठगी में नाइजीरियन गिरोह के शामिल होने की आशंका है।

पुलिस के मुताबिक श्रीनगर खमतराई निवासी गृहणी ममता की फेसबुक में चैटिंग के दौरान 31 अगस्त को क्लींटन मर्फी से दोस्ती हो गई। युवक ने खुद को आयरलैंड का डॉक्टर बताया था। महिला और युवक के बीच फेसबुक चैटिंग के बाद वाट्सएप चैटिंग शुरू हो गई। दोनों में लंबी बातचीत होने के दौरान युवक ने महिला को उसके स्कीन के दाग ठीक करने का दावा किया और साथ ही उन्हें पासपोर्ट बनवाकर आयरलैंड बुलवाने का आश्वासन दिया।

इससे महिला उसकी बातों में भरोसा करने लगी। इस बीच युवक ने महिला से कहा कि वह उसके लिए विदेश से महंगी गिफ्ट भेज रहा है। गिफ्ट भेजने के दो दिन बाद दिल्ली एयरपोर्ट से महिला के पास फोन आया और बोला कि आयरलैंड से आपका पार्सल आया है। कस्टम क्लीयरेंस के तौर पर 36 हजार 500 रुपए देना होगा। इसके लिए उसने एक बैंक एकाउंट नंबर भी दिया। महिला ने उस एकाउंट नंबर पर 35 हजार 500 रुपए जमा कर दिए .

इसके बाद 95000 रुपए जमा करने के लिए दूसरा खाता नंबर दिया। महिला ने उस खाते में भी पैसा जमा कर दिया। इसके बाद 45 हजार रुपए जमा करने कहा गया। उसी भी पेटीएम के माध्यम से जमा कर दिया। दूसरे दिन फिर महिला को ठगों ने फोन किया और 4 लाख रुपए जमा करने को कहा। महिला ने फिर ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में पूरी रकम जमा कर दिया। 4 लाख जमा करने के बाद ठगों ने महिला से फिर 85 हजार रुपए देने के लिए कहा। महिला ने फोन पे और पेटीएम के जरिए पूरे पैसे जमा कर दिए। इससे महिला परेशान हो गई। इसके बाद आरोपी ने कहा कि आपके पैसे भारतीय करेंसी कनवर्ट किया जा रहा है। इसके लिए मेरा दोस्त मदद करेगा।

इसके बाद एक दूसरे व्यक्ति ने महिला को फोन किया और खुद को फॉरेन करेंसी रेमीटेंस का कर्मचारी बताया। उसने महिला को बताया कि आपके खाते में 30 हजार पाउंड भेजा गया है। इसे भारतीय करेंसी में बदलने के लिए 86 हजार 800 रुपए लगेगा। महिला ने फिर उतना पैसा आरोपियों के बताए खाता नंबर में जमा किया। इस तरह अलग-अलग तरीके से आरोपियों ने महिला से कुल 7 लाख 53 हजार860 रुपए जमा करवाए। इसके बाद भी आरोपियों ने गिफ्ट और पैसा नहीं भेजा, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसकी शिकायत उन्होंने खमतराई थाने में की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

अलग-अलग खातों में जमा करवाया
आरोपियों ने 22 बार अलग-अलग बैंक खाता नंबर में महिला से पैसे जमा करवाए हैं। सभी बैंक खाते विदेशियों के नाम पर है। इस तरह की ठगी नाइजीरियन गिरोह करता है। पुलिस को आशंका इसमें भी नाइजीरियन गिरोह शामिल है। फिलहाल पुलिस ने जिन बैंक खातों में रकम गए हैं, उनकी जांच शुरू कर दी है।

महिला डॉक्टर भी हुई थी शिकार
फेसबुक में विदेशी युवक से दोस्ती करके खम्हारडीह इलाके में रहने वाली डॉक्टर वर्षा भी ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई थीं। उन्हें भी ठग ने महंगा गिफ्ट भेजने का झांसा दिया था। इसके बाद गिफ्ट कस्टम विभाग में फंसने का झांसा देकर ३५ हजार रुपए जमा करवा लिए थे। खम्हारडीह पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लालच के चलते होते हैं शिकार
आमतौर पर फेसबुक में दोस्ती करने वाली कई महिलाएं महंगे गिफ्ट के लालच में फंसती है। ऑनलाइन ठगी करने वाले इसका फायदा उठाते हैं। गिफ्ट को एयरपोर्ट में कस्टम विभाग की जांच में फंसने या अन्य टैक्स जमा करने के नाम पर पैसा जमा करवाते हैं। इस तरह लाखों रुपए की ठगी करते हैं। रायपुर में हर साल कई महिलाएं और युवतियां इस तरह की ठगी का शिकार होती हैं।