
CG Lok Sabha Election 2024: सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद प्रदेश में सियासी दलों का दागियों पर भरोसा बरकरार है। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों पर भी आपराधिक केस दर्ज हैं। तीसरे चरण में कुल 168 प्रत्याशी मैदान में है, जिसमें 142 पुरुष और 26 महिलाएं हैं। इनमें 15 प्रत्याशियों (करीब 9 फीसदी) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सबसे ज्यादा रायपुर और कोरबा में 4-4, बिलासपुर और दुर्ग में 3-3 और सरगुजा में 1 प्रत्याशी पर आपराधिक केस दर्ज है।
उम्मीदवार के आपराधिक विवरण का पहली बार प्रकाशन नाम वापसी के अंतिम तारीख के पहले चार दिनों के भीतर करवाना होगा। दूसरी बार इसका प्रकाशन नाम वापसी के अंतिम तारीख के पांचवें से आठवें दिन के अंदर और अंतिम बार इसका प्रकाशन नाम वापसी के नौवें दिन से चुनाव प्रचार के अंतिम दिन के बीच करवाना होगा। निर्विरोध रूप से जीतने वाले प्रत्याशी और उनकी पार्टी का भी कोई आपराधिक इतिहास रहा हो तो इससे जुड़ी जानकारी प्रकाशित करवानी होगी।
छत्तीसगढ़ के 11 लोकसभा सीट पर तीन चरणों में मतदान होनी है। पहले चरण में मतदान बस्तर लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को हुआ। इसके बाद दूसरे चरण के मतदान में तीन लोकसभा क्षेत्र कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट पर हुआ। अब तीसरे चरण के मतदान में 7 लोकसभा सीट रायपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा लोकसभा सीट में मतदान होगा।
7 लोकसभा सीट पर 168 प्रत्याशी मैदान में है। सभी सीटों पर भाजपा - कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। रायपुर से बीजेपी से बृजमोहन अग्रवाल तो कांग्रेस से विकास उपाध्याय उम्मीदवार है। रायगढ़ से बीजेपी से राधेश्याम राठिया तो कांग्रेस से मेनका सिंह उम्मीदवार है। कोरबा से बीजेपी से सरोज पांडेय तो कांग्रेस से ज्योत्सना महंत उम्मीदवार है। जांजगीर - चाम्पा से बीजेपी से कमलेश जांगड़े तो कांग्रेस से शिव डहरिया उम्मीदवार है। दुर्ग से बीजेपी से विजय बघेल तो कांग्रेस से राजेंद्र साहू उम्मीदवार है। बिलासपुर से बीजेपी से तोखन साहू तो कांग्रेस से देवेंद्र यादव उम्मीदवार है। वहीं सरगुजा लोकसभा सीट से बीजेपी से चिंतामणि महाराज तो कांग्रेस से साक्षी सिंह उम्मीदवार है।
रायपुर लोकसभा सीट में बीजेपी - कांग्रेस में सीधा मुकबला देखने को मिल रहा है। एक तरफ 8 बार विधायक रहे बृजमोहन अग्रवाल बीजेपी से उम्मीदवार चुने गए है वहीं दूसरी और कांग्रेस ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को रायपुर लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया है। कोरबा लोकसभा सीट का हाल भी काफी रोमांचक है। बीजेपी से पूर्व सांसद और दिग्गज नेत्री सरोज पांडेय प्रत्याशी है तो कांग्रेस से नेता प्रतिपक्ष की पत्नी ज्योत्सना महंत उम्मीदवार है। बिलासपुर लोकसभा सीट पर बीजेपी - कांग्रेस आमने सामने है। भाजपा ने तोखन साहू को टिकट दिया है तो कांग्रेस से देवेंद्र यादव प्रत्याशी है। बता दें कि, देवेंद्र यादव पर कोयला घोटाले का आरोप है।
Updated on:
28 Apr 2024, 9:51 AM IST
Published on:
28 Apr 2024, 9:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.