
Union Budget 2026: छत्तीसगढ़ के रायपुर में वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने केंद्रीय बजट 2026-27 को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक, कृषि और ग्रामीण विकास के लिए निर्णायक बताते हुए कहा कि यह बजट राज्य को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ाएगा।
मंत्री देवांगन ने कहा कि औद्योगिक क्लस्टरों के पुनर्जीवन के लिए 2 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान से छत्तीसगढ़ में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) को नई ताकत मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बजट में MSME और बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये तथा सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही माइनिंग आधारित औद्योगिक कॉरिडोर, टेक्सटाइल और केमिकल पार्क की स्थापना से छत्तीसगढ़ का मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर और मजबूत होगा।
मंत्री देवांगन ने कहा कि बैंकिंग सेक्टर में सुधार, आर्थिक ऋण गारंटी और कर प्रक्रियाओं के सरलीकरण से उद्यमियों, व्यापारियों और स्टार्टअप्स को पूंजी तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे राज्य में उद्योग-हितैषी वातावरण तैयार होगा।
बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और कंटेंट इकोनॉमी पर विशेष फोकस किया गया है। एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (ABGC) के लिए कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना से डिजिटल इंडस्ट्री, स्टार्टअप्स और युवाओं के लिए नए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर खुलेंगे।
डिजिटल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधाओं के विस्तार के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये के प्रावधान से औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे छत्तीसगढ़ डिजिटल अर्थव्यवस्था में तेजी से आगे बढ़ेगा।
मंत्री देवांगन ने कहा कि बजट में कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन को मजबूत करने के प्रावधान किए गए हैं। छोटे किसानों की उद्यमशीलता, पशुधन विकास में निजी भागीदारी, पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और 500 अमृत जलाशयों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आय और रोजगार बढ़ेगा।
महिला स्व-सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने, हैंडलूम और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने तथा धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों के विकास से राज्य की सामाजिक-आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
मंत्री देवांगन ने कहा कि कुल मिलाकर केंद्रीय बजट 2026-27 औद्योगिक विस्तार, रोजगार सृजन और समग्र विकास के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ की अवधारणा को मजबूती प्रदान करता है।
Updated on:
01 Feb 2026 05:15 pm
Published on:
01 Feb 2026 05:15 pm
