
कबीर नगर गोलीकांड
रायपुर. राजधानी के हीरापुर स्थित एक होटल में चल रही बर्थडे पार्टी में उस समय सनसनी मच गई जब एक युवक ने पिस्टल निकाल कर अपने दोस्त के सीने पर टिका दी और फायर कर दिया। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गोली मारने के बाद बलवीर वहां से भाग रहा था।रास्ते में एक भिड़ंत होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा। इस घटना का CCTV फुटेज भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक हीरापुर स्थित शेरे पंजाब होटल में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। शुक्रवार आधी रात के करीब किसी बात को लेकर बलबीर और आलोक उपाध्याय के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक शराब के नशे में था। विवाद इतना बढ़ गया कि बलवीर उर्फ रिंकू ने पिस्टल निकाल ली।
इसके बाद बलबीर ने आलोक उपाध्याय के सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से कुछ देर के लिए होटल में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान आरोपी युवक बलवीर अपने एक अन्य साथी के साथ कार लेकर वहां से भाग निकला।
बलबीर और उसका दोस्त तेजी से कार चलाते भाग रहे थे। कबीरनगर गेट के पास उनकी कार की भिड़त विपरीत दिशा से आ रही अन्य कार से हो गई। कबीरनगर में दोनों कार सवारों में तू-तू मैं-मैं होने लगी। विवाद की सूचना पर किसी ने पुलिस को दी।इस एक्सीडेंट की फुटेज भी पुलिस ने CCTV कैमरे से निकाल ली है। घटनास्थल पर पहुंची कबीरनगर पुलिस पूछताछ के लिए बलवीर को लेेकर थाने पहुंची। पुलिस ने बलवीर की कार की तलाशी ली, तो उसमें पिस्टल मिली।
पुलिस ने पिस्टल जब्त कर पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को पता चला कि होटल में एक युवक को गोली मारकर बलवीर भाग रहा था। पुलिस ने बलबीर और उसके एक अन्य साथी को हिरासत में ले लिया है। घायल आलोक उपाध्याय को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक आलोक की हालत गंभीर है।
Updated on:
15 Sept 2018 11:13 am
Published on:
15 Sept 2018 06:45 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
