
मृतक
रायपुर. पुलिस के मुताबिक पंडरी में होटल पुनीत के पीछे गंगानगर की गली में रात करीब 3.30 बजे मोवा निवासी प्रिंस अग्रवाल (24) लहुलूहान पड़ा मिला। उसकी सांसें चल रही थी। उसके दोनों जांघ से खून बह रहा था। मोहल्ले के ही दिनेश यादव ने उसे आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद दिनेश ने देवेंद्र नगर थाने में सूचना दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक पुलिस को प्रिंस की हत्या में नरेंद्र उर्फ विक्कू उडि़या के शामिल होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शाम को उसे सड्ढू से पकड़ लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक मृतक पंडरी कपड़ा मार्केट में न्यू जनरेशन कपड़े की दुकान में काम करता था। वह हमेशा अपनी आंखों में अधिक मात्रा में काजल लगाए रखता था। इस कारण मार्केट में उसे काजल बॉय कहते थे। मूलत: महासमुंद का रहने वाला है। अक्सर देर रात तक अपने दोस्तों के साथ शराब, जुआ और अय्याशी करता रहता था। गुरुवार-शुक्रवार की रात भी वह गंगानगर में कुछ विक्कू, दिनेश यादव व अन्य के साथ था। इस दौरान विक्कू और प्रिंस के बीच विवाद हो गया। दोनों नशे में थे। इसके बाद विक्कू ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद भाग गया। बाद में घायल प्रिंस को दिनेश ने आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया। तड़के करीब ५ बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद दिनेश ने देवेंद्र नगर पुलिस को सूचना दी।
गुप्ती मारने की आशंका
प्रिंस के दोनों जांघ में चोट लगे हैं। जख्म गुप्तीनुमा हथियार के लग रहे हैं। युवक के कमर के नीचे भी वार किया गया है। उसी से अधिक खून बह रहा था।
हत्या छुपाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी प्रिंस को अस्पताल में भर्ती करवाकर मामले को छुपाने की कोशिश में लगे थे, लेकिन मृतक के शरीर से खून का बहाव बंद नहीं हुआ। खून काफी बहने के कारण उसकी मौत हो गई। हत्या में
विक्कू के अलावा और भी युवकों के शामिल होने की आशंका है। मामले में दिनेश सहित एक अन्य युवक की भूमिका संदिग्ध है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
देवेंद्र नगर, रायपुर टीआई आरके पात्रे ने बताया कि प्रिंस की हत्या के मामले में नरेंद्र उर्फ विक्कू को पकड़ा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
Published on:
19 Oct 2019 06:04 pm

