
बार-बार गुल हो रही बिजली! गर्मी बढ़ते ही रायपुर में ट्रिपिंग तेज, हर घंटे कटौती से लोग परेशान...(photo-AI)
Power Cut in CG: छत्तीसगढ़ के रायपुर में गर्मी बढ़ते ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ने लगा है। शहर के कई इलाकों में लगातार बिजली ट्रिपिंग और कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। हालात ऐसे हैं कि कई क्षेत्रों में हर घंटे बिजली कट रही है और 24 घंटे में चार से पांच घंटे तक भी स्थिर बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से शुरू होने वाला बिजली के आने-जाने का सिलसिला देर रात तक जारी रहता है, जिससे घरों के साथ-साथ दुकानों और छोटे व्यवसायों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ गई है। एसी, कूलर, पंखे और पानी के मोटर पंपों के अधिक उपयोग से विद्युत खपत करीब 300 मेगावाट के आसपास पहुंच गई है। इसके कारण ग्रिड और ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ गया है, जिससे बार-बार ट्रिपिंग और फ्यूज उड़ने की समस्या सामने आ रही है।
तकनीकी दबाव के कारण ग्रामीण इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। हल्की हवा या छोटी तकनीकी खराबी के कारण भी कई जगहों पर बिजली सप्लाई बाधित हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के दिनों में बार-बार बिजली जाने से घरों में परेशानी के साथ-साथ छोटे कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से व्यवस्था सुधारने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
Updated on:
13 Mar 2026 04:59 pm
Published on:
13 Mar 2026 04:59 pm
