रायपुर

महादेव ऐप की पार्टी में शामिल होने वाले जिलेवासियों को रायपुर पुलिस बुलाएगी पूछताछ के लिए

पार्टी में शामिल होने वाले रायपुर वासियो की पुलिस कुंडली बना रही है। गिरफ्त में आए सटोरियों के पास मिले अकाउंटों की जांच से राज खुला है।

2 min read
Sep 27, 2022

सीएम का निर्देश मिलने के बाद ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले महादेव ऐप के संचालको और उनके कर्मचारियों पर रायपुर पुलिस ने सख्ती करना शुरु कर दिया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस के हत्थे चढ़े महादेव ऐप और रेडी अन्ना ऐप से सट्टा खिलाने वाले आरोपियों के पास से विवेचना अधिकारियों को कुछ वीडियो फुटेज और खातों की जानकारी मिली है। खातों को खंगालने और वीडियो की बारीकी से जांच करने के बाद विवेचना अधिकारियों को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर के कारोबारियों और युवको का फुटेज मिला है। इन फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ कारोबारियों और युवकों की शिनाख्त कर ली है। कारोबारियों और युवकों को नोटिस देकर उनसे पूछताछ करने की तैयारी रायपुर पुलिस के अधिकारी कर रहे है। पुलिस सूत्रों की मानें तो जल्द ही महादेव और रेडी अन्ना ऐप से जुड़े लोगों के नाम का खुलासा पुलिस करेगी।

इन कारोबार से जुड़े लोगों की शिनाख्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार महादेव-रेडी अन्ना ऐप के संचालकों ने पिछले दिनों दुबई में कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में बालीवुड हस्तियों के अलावा देश भर में महादेव-रेड्डी बुक ऐप के संचालकों के कारोबार में पैसा इनवेस्ट करने वाले और उनके लिए काम करने वाले लोग शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 50 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। इनमें से रायपुर और दुर्ग के 20 से ज्यादा लोग है। जिन लोगों की शिनाख्त हुई है, वे लोग सराफा, जमीन कारोबार और ब्याज में पैसा चलाने वाले लोग है। इन सभी पर पुलिस अब सख्ती करने की तैयारी कर रही है।

40 से ज्यादा लोग हो चुके गिरफ्तार
पुलिस महकमें के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम 40 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। ये आरोपी क्रिकेट के अलावा केसिनो, पोकर गेम, लूडो, और फुटबॉल के गेम में हार जीत का दांव लगवाते थे। इन आरोपियों से सट्टा पट्टी के अलावा इलेक्ट्रानिक उपकरण पुलिसकर्मियों ने जब्त किया है। ऐप के माध्यम से सट्टा खिलाने वाले लोगों पर लगातार कार्रवाई करने की बात बोल रहे है।

सटोरियाें के पास से मिले इनपुट के आधार पर जांच की जा रही है। महादेव और रेड्डी अन्ना ऐप से जुड़े कुछ लोगों की जानकारियां मिली है। जल्द ही इन लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

गिरीश तिवारी, प्रभारी
एंटी क्राईम एवं सायबर यूनिट

Published on:
27 Sept 2022 08:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर