10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कमल विहार फ्लैट घोटाला! रायपुर में RDA ने बुजुर्ग महिला से 4.61 लाख लेकर रद्द किया आवंटन

Kamal Vihar Flat Allotment: रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) पर कमल विहार सेक्टर-1 में EWS फ्लैट आवंटन को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं।
2 min read
Google source verification
RDA Scam Raipur

कमल विहार फ्लैट घोटाला (photo source- Patrika)

RDA Scam Raipur: रायपुर विकास प्राधिकरण में हितग्राही से धोखेबाजी करने का बड़ा मामला सामने आया है। मकान आवंटन को लेकर कर्मचारियों की मिलीभगत के खेल का शिकार हितग्राही हो रहे हैं। एक बुजुर्ग महिला ने आरडीए के कमल विहार सेक्टर-1 में ईडब्ल्यूएस-306ए -2 बीएचके फ्लैट की बुकिंग कराई थी। जिम्मेदारों ने उस महिला से 28 मई 2025 को 4 लाख 61 हजार रुपए जमा कराए और बाकायदे उसकी रसीद भी दी। इसके बाद गुचचुप तरीके से उसके फ्लैट का आवंटन निरस्त कर दिया।

Raipur Property News: फ्लैट उपलब्ध कराने का दावा

जब वह आरडीए में रजिस्ट्री की जानकारी लेने पहुंची तो पता चला कि उसके फ्लैट को किसी दूसरे को बेच दिया। इससे अब महिला काफी परेशान है। हैरानी ये कि एक तरफ आरडीए हितग्राहियों का सस्ती दर पर सुविधायुक्त मकान, फ्लैट उपलब्ध कराने का दावा करता है। आवासीय और व्यावसायिक भवनों को ऑनलाइन करने की दुहाई दी जाती है और कार्यालय के अंदर कुछ और ही खेल चल रहा है, जिसका शिकार इंदिरा चौक श्यामनगर में रहने वाली अनिता श्रीवास्तव को बनाया गया है।

किराए के मकान में रहने वाली अनिता पिछले दो साल से एक छत मिलने का सपना संयोजे हुए थी, वह आरडीए के रवैए के चलते चूर-चूर हो गया। पड़ताल से पता चला कि रायपुर विकास प्राधिकरण ने अनीता के नाम पर कमल विहार के सेक्टर 1 में ईडब्ल्यूएस-306ए-2 बीएचके फ्लैट आवंटित होने के संबंध में उसे पत्र दिया था। इससे पहले 20 हजार रुपए पंजीयन राशि जमा कराई। अब उसी फ्लैट के लिए बुजुर्ग अनीता श्रीवास्तव आरडीए कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है।

सीईओ को दस्तावेज सौंपकर लगाई गुहार

हैरान, परेशान अनीता के पुत्र गौरव श्रीवास्तव ने लिखित में पूरा ब्योरा रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ अवनीश शरण को सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। गौरव ने बताया कि उसकी 64 वर्षीय मां की तबीयत खराब रहती है, इसी का फायदा उठाकर आरडीए के कर्मचारियों ने धोखा दिया है। वह कर्ज लेकर आरडीए में 4 लाख 61 हजार रुपए इस उम्मीद से जमा कराया था कि उसे रहने के लिए मकान मिल जाएगा। बाबुओं से पूछा तब उसे बताया कि तीन-चार माह पहले ही अनीता श्रीवास्तव के नाम आवंटित फ्लैट को किसी दूसरे को बेच दिया गया है। इस पूरे मामले में दलालों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया।

Chhattisgarh Housing News: जांच कराने का आदेश

राशि जमाकर हितग्राही का फ्लैट निरस्त करने का मामला काफी गंभीर है। इस पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ताकि दोबारा ऐसा किसी दूसरे हितग्राही के साथ न हो- अवनीश शरण, सीईओ, आरडीए