
इस MLA ने कांग्रेस में रहते इस पार्टी के लिए किए काम, अब हार के बाद खोजने लगे वापसी की राह
बिलासपुर/रायपुर. विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद पूर्व कांग्रेस विधायक और बिल्हा से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के प्रत्याशी रहे सियाराम कौशिक फिर से कांग्रेस में ही ठिकाना खोजने लगे हैं। घरवापसी के लिए सियाराम कौशिक और तखतपुर से जकांछ के प्रत्याशी रहे संतोष कौशिक पिछले दिनों दिल्ली जाकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया से मिल आए। पुनिया ने साफ-साफ तो कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन यह जरूर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेशाध्यक्ष भूपेश बघेल से इस संबंध में बात करने के बाद ही वह कुछ कह पाएंगे। हालांकि अभी तक कांग्रेस की ओर से उनको कोई जवाब नहीं मिला है।
सियाराम कौशिक ने कहा कि पुनिया ने उस दिन के बाद अभी तक यह नहीं बताया हमें कांग्रेस प्रवेश कब दिलाएंगे। बस उसी का इंतजार है। जकांछ छोडऩे का कारण पूछे जाने पर कौशिक ने कहा कि पार्टी ने कुछ बताने लायक नहीं छोड़ा। सियाराम कौशिक पिछले दो वर्षों से कांग्रेस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। अजीत जोगी ने जिस सभा में कांग्रेस छोडक़र नई पार्टी बनाने की घोषणा की थी, कौशिक उस सभा के प्रमुख वक्ताओं में शुमार थे। उसके बाद कांग्रेस विधायक रहते हुए कौशिक ने प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोले रखा। वे अमित जोगी और आर.के. राय के साथ कांग्रेस में रहकर अजीत जोगी के लिए काम करते रहे। विधानसभा चुनाव में जकांछ ने उन्हें बिल्हा से प्रत्याशी बनाया, लेकिन कौशिक अपनी सीट नहीं बचा पाए। उनके एक और साथी आर.के. राय तो जमानत भी नहीं बचा पाए।
सियाराम कौशिक पी.एल. पुनिया और भूपेश बघेल के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी कर चुके हैं। कौशिक बघेल पर कांग्रेस को जेबी पार्टी बनाने का आरोप लगाते रहे। मार्च में राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने आर.के. राय और अमित जोगी के साथ मिलकर पुनिया के खिलाफ मोर्चा खोला था। तीनों ने मतदान भी नहीं किया था। बाद में कांग्रेस ने विधानसभा से तीनों की सदस्यता रद्द करने की मांग भी की थी।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पी.एल. पुनिया ने कहा कि जो हमारे काम के लायक होंगे, उनको वापस लिया जाएगा। सभी के लिए दरवाजा नहीं खोला गया है। जो भी संपर्क में हैं, उनके बारे में पता लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा करने के बाद कांग्रेस में प्रवेश कराया जाएगा। लेकिन इसके लिए तिथि फाइनल नहीं है।
जकांछ अध्यक्ष अजीत जोगी ने कहा कि फिलहाल लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए दिल्ली आया हूं। कौन-कौन पार्टी छोड़ रहा है, इसकी जानकारी नहीं है। मैंने एक सिद्धांत को लेकर अलग पार्टी बनाई है। जो जाना चाहते हैं, वे चले जाएं। उन्हें रोकने का प्रयास नहीं करूंगा।
Published on:
20 Jan 2019 11:37 am

बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
