Naxal Attack : नक्सल मोर्चे पर तैनात राज्य पुलिस के जवानों को घातक हथियार अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) से लैस किया जाएगा।
रायपुर. नक्सल मोर्चे पर तैनात राज्य पुलिस के जवानों को घातक हथियार अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) से लैस किया जाएगा। इसे प्रभावित इलाकों में तैनात यूनिट के हर 5वें जवान को देने की योजना बनाई गई है। राज्य पुलिस के अधिकारी इसकी खरीदी करने की तैयारी में जुटे हुए है।
इससे फोर्स के जवानों की मारक क्षमता बढ़ेगी। वहीं रात के समय भी टारगेट पर सटीक निशाना लगाया जा सकेगा। इसके लिए 40 एमएम के 410 यूबीजीएल और 6100 गोली ( सेल) खरीदने की तैयारी चल रही है।
बता दें कि इस समय नक्सल मोर्चे पर राज्य पुलिस के 20000 से ज्यादा जवान तैनात है। इसमें से सभी के पास एके-47, इंसास और स्वचालित एसएलआर राइफल है। केवल गिनती के जवानों को यूबीजीएल दिया गया है।
इसे देखते हुए पिछले काफी समय से इसकी खरीदी करने की कवायद चल रही थी। बता दें कि मारे गए और पकड़े गए नक्सलियों के पास से लगातार अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए थे।
इसके बाद से फोर्स के जवानों को संसाधनों से लैस किया जा रहा है। सीआरपीएफ के जवानों के पास बड़ी संख्या में यूबीजीएल है। लेकिन, राज्य के पुलिस के जवानों के पास इसकी कमी महसूस की जा रही थी।
यूबीजीएल की ये है खासियत
अत्याधुनिक यूबीजीएल का वजन डेढ़ किलो और मारक क्षमता करीब 400 मीटर की होगी। इसे आसानी से एके-47 और अन्य राइफल के साथ अटैच करने के बाद कंधे पर रखकर चलाया जा सकता है। टारगेट पर निशाना लगाने पर उसके आसपास 20 से 25 मीटर के रेंज को लांचर (गोली) कवर करेगी। इसे एक मिनट में 5 से 7 राउंड तक चलाया जा सकता है।