
रायसेन की बेटी ने 20 हजार फीट ऊंची यूनम पीक पर फहराया तिरंगा
रायसेन. रायसेन जिले के कस्बा सलामतपुर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित छोटे से गांव सेमरी की बेटी ने हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्र में माउंट यूनम पीक पर तिरंगा फहराकर जिले का नाम रोशन किया है। सेमरी निवासी आजाद सिंह यादव की बेटी अंजना यादव ने हिंदुस्तान एडवेंचर फाउंडेशन द्वारा आयोजित अभियान में शामिल होकर यह उपलब्धि हासिल की। 10 से 17 अगस्त तक चले इस अभियान में 13 सदस्य शामिल थे, लेकिन इनमें से दस सदस्य ही पीक तक पहुंच सके। पत्रिका से बात करते हुए अंजना ने बताया कि कठिन चढ़ाई के साथ तेज हवा और मौसम की खराबी के कारण तीन सदस्यों का स्वास्थ खराब हो गया था।
अंजना ने बताया कि उन्होंने 10 अगस्त से चढ़ाई शुरू की और 15 अगस्त को पीक पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। अंजना इससे पहले जून माह में भी 16 हजार 365 फीट की ऊंचाई पर चढ़ाई कर चुकी हैं। बर्फीली पहाडिय़ों और चट्टानो का सीना चीरते हुए ऊंचे पहाड़ों को लांघने वाली अंजना यादव कबड्डी, सॉफ्ट बॉल, हैंड बॉल की भी बेहतरीन खिलाड़ी हैं और इन खेलों में राज्य स्तर पर खेल चुकी हैं। भोपाल के एक निजी कॉलेज से बी-टेक कर रही अंजना एक छोटे से गांव से बड़ी पर्वतारोही के रूप में निकली हैं। अंजना का कहना है कि लक्ष्य चाहे जो भी हो उसको भेदने के लिए द्रढ़ इच्छा शक्ति की ज़रूरत होती है, इसमे यह मायने नहीं रखता कि लक्ष्य को भेदने वाला स्त्री है या पुरुष। अंजना के इस साहसी कार्य की सराहना पूरे जिले में की जा रही है और जिले का हर व्यक्ति अंजना की कामयाबी पर बधाई दे रहा है। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहा है। अंजना गुरुवार की रात ट्रेन में थीं, आज वो भोपाल पहुंचेंगी। अपने गांव पहुंचने पर उनका सम्मान किया जाएगा।
---------------
Published on:
19 Aug 2021 09:33 pm
बड़ी खबरें
View Allरायसेन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
