रायसेन. शुक्रवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने सडक़ किनारे झोपड़ी में सो रहे दो भाईयों को कुचल दिया। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल होकर जिला अस्पताल में भर्ती है। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोडकऱ फरार हो गया। पुलिस मर्ग कायम कर ट्रक को जब्त कर दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि रात लगभग दस बजे 23 वर्षीय विक्रम सिंह बंजारा तथा उसका भाई महाराज सिंह बंजारा पुत्र चंदन सिंह बंजारा रतनपुर के पास सडक़ किनारे बनी झोपड़ी में सोने गए थे। रात लगभग 11 बजे से एक मिनी ट्रक रांग साइड से अनियंत्रित होकर झोपड़ी को कुचलते हुए नीम के पेड़ से टकराकर रुका। तेज आवाज आने पर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां देखा विक्रम और महाराज सिंह घायल अवस्था में पड़े थे। उन्हे तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच कर विक्रम को मृत घोषित कर दिया। जबकि महाराज सिंह के दोनो पैरों में फ्रेक्चर था, जिसे भर्ती कर इलाज शुरू किया।
शनिवार को सुबह बड़ी संख्या में परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और ट्रक चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मृतक का पीएम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया। उल्लेखनीय है कि जिले में इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं, इससे पहले सुल्तानगंज में दो हादसे हो चुके हैं, जिनमें एक डंपर ने आठ लोगों को कुचल दिया था, जिनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद सुल्तानगंज में ही तीन दिन पहले एक इंजीनियर ने नशे की हालत में कार चलाते हुए दो मोटारसाइकिलों को टक्कर मार दी थी। जिसमें एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे।
————-