
पिपरिया कला में महिलाओं के हाथ गांव की सरकार
थालादिघावन. तहसील देवरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरियाकलां में सीताबाई रघुवंशी निर्विरोध सरपंच चुनी गई हैं। ग्राम पंचायत पिपरिया कला में ग्रामीणों की सहमति से सरपंच सहित ग्राम पंचायत के सभी 15 वार्डों में निर्विरोध महिला पंच भी निर्विरोध चुनी गईं। मगर अभी उन्हें निर्वाचन आयोग से प्रमाण पत्र नहीं मिल सका।
विकास कार्य के लिए पुरस्कार दिया जाएगा : पंचायत चुनाव की मतगणना के बाद उन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा। प्रदेश सरकार की घोषणा है कि जिस पंचायत में सभी महिला पंच एवं महिला सरपंच निर्विरोध चुनी जाएंगी। वहां पर विकास कार्य के लिए 15 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। गांव में चुनाव से पहले आपसी सहमति बन चुकी थी कि इस बार सरपंच महिला सहित सभी महिलाओं पंचों को भी निर्विरोध चुना जाएगा। जब सरपंच पद के लिए महिला ने अपना नामांकन दाखिल किया तो उनके विरोध में कोई भी फार्म नहीं भरा गया, जिसके चलते यह निर्विरोध घोषित हुई। गांव की महिलाओं ने भी पंच के लिए फार्म जमा किया और वह भी निर्विरोध घोषित हुई।
इनका हुआ निर्विरोध निर्वाचन
सरपंच पद के लिए सीताबाई रघुवंशी, पंच जानकी बाई, मालती बाई, राममणि बाई, प्रकाश बाई, मूली बाई, सावित्री बाई, सावित्री, प्रियंका चंपाबाई, सुक्रिया बाई, हरिबाई, राजकुमारी, कृष्णा बाई, ज्योति, चंद्रवती, केसर बाई आदि पंच चुनी गई।
इक्हत्तर ग्राम पंचायतों में बनाए 204 मतदान केंद्र, 14 अति संवेदनशील
मंडीदीप. जनपद पंचायत औबेदुल्लागंज की 71 ग्राम पंचायतों में मतदान आठ जुलाई को होगा। चुनाव के लिए 204 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 37 मतदान केंद्र संवेदनशील और 14 मतदान केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हंै। हालांकि चार ग्राम पंचायतों में चुनाव नहीं होने से मतदान केंद्रों की संख्या कुछ कम हो जाएगी। ग्राम पंचायतों में एक लाख दो हजार 629 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 53 हजार 991, महिला मतदाताओं की संख्या 48 हजार 627 और 11 अन्य मतदाता दर्ज हैं।
इनमें नहीं होगा मतदान: ब्लॉक की 71 ग्राम पंचायतों में 4 ग्राम पंचायतों में इस बार चुनाव नहीं होगा। इसमें ग्राम पंचायत पोलाहा, ग्राम पंचायत मुरारी, चिकलोद खुर्द में निर्विरोध निर्वाचित होने और बैरसिया ग्राम पंचायत में कोई दावेदार नहीं होने से चुनाव नहीं होंगें।
प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन से मिलकर चलना है : पूर्व विधायक
उदयपुरा. रविवार शाम भाजपा समन्वय समिति की बैठक आर्यभट्ट कॉलेज में आयोजित हुई, जिसमें आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया, जिसके तत्काल बाद समिति के सदस्यों ने भाजपा कार्यकर्ताओं से विश्नोई वस्त्रालय के पीछे बने अस्थाई भाजपा कार्यालय में भेंट की। इसमें पूर्व विधायक रामकिशन पटेल के साथ, जिला समन्वय समिति सदस्य कुलदीप विश्नोई, बृजगोपाल लोया ने पार्षद पद के दावेदारों से टिकिट को लेकर रायशुमारी की। इस दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि टिकिट का निर्णय संगठन स्तर से ही लिया जाएगा। पार्षद पद के दावेदारों के आवेदन पार्टी संगठन को भेजे जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों को स्पष्ट रुप से बताया कि इस बार पार्टी ने अपने स्तर से हर वार्ड का सर्वे कराया है। प्रत्याशी चयन के लिए संगठन निर्णय लेगा, प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन से मिलकर चलना है। टिकिट जिसे भी मिले उस उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करना है।
Published on:
14 Jun 2022 12:13 am
बड़ी खबरें
View Allरायसेन
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
