
Crime News
कुंवारिया. वांछित नशा तस्कर को पकड़ने के लिए कुंवारिया थाना पुलिस ने देर रात तक फिल्मी अंदाज़ में उसका पीछा किया। करीब 15 से 20 किलोमीटर तक चले इस रोमांचक ऑपरेशन के बाद भी शातिर तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। हालांकि पुलिस ने तस्कर की कार जब्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थानाधिकारी रामचंद्र कुमावत ने बताया कि रेलमगरा थाना क्षेत्र में एमडी मादक पदार्थ से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी की जांच कुंवारिया थाना पुलिस को सौंपी गई थी। इसी क्रम में मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस ने डीएसटी टीम और हथियारबंद पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से देर रात विशेष ऑपरेशन शुरू किया। सूचना के आधार पर पुलिस ने तस्कर का पीछा शुरू किया, जो लगातार करीब 20 किलोमीटर तक चला। पीछा करते हुए जब पुलिस बडारडा क्षेत्र के जंगल में पहुंची, तो नशा तस्कर ने चालाकी दिखाते हुए अपना वाहन वहीं छोड़ दिया और घने अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में ओझल हो गया।
तस्कर के फरार होने के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। करीब 30 पुलिस जवानों ने देर रात तक जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शातिर आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। पुलिस ने मौके से तस्कर की कार जब्त कर ली, जिसे क्रेन की मदद से कुंवारिया थाना परिसर में खड़ा करवाया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता आ रहा है।
कुंवारिया थाना पुलिस अब वांछित तस्कर की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास कर रही है और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इस अभियान में कुंवारिया थाना प्रभारी रामचंद्र कुमावत, एएसआई रामसिंह, हेड कांस्टेबल धीरज चंद, डीएसटी टीम प्रभारी सोनाली शर्मा, इंद्र कुमार और अरविंद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Published on:
18 Jan 2026 12:41 pm
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
