
राजसमंद. जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ग्रामीण लोक परिवहन सेवा प्रारंभ होगी। इससे यातायात के साधनों में इजाफा होगा और यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ेगी। इसके लिए राजस्थान पथ परिवहन निगम की ओर से टेण्डर आमंत्रित किए गए हैं। जिले में आठ मार्गो पर लोक परिवहन सेवा शुरू करना प्रस्तावित है। प्रदेश में राजस्थान पथ परिवहन निगम की बसों की लम्बे समय से खरीद नहीं होने के कारण इनकी संख्या लगातार घट रही थी। कई कंडम बसें भी रोड पर दौड़ रही थी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद बजट में बसें खरीदने की घोषणा की थी। इसके तहत अभी कुछ बसें खरीदी भी गई है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को आपस में जोडऩे एवं यातायात के साधनों में इजाफा करने के लिए सरकार ने बजट में लोक परिवहन सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। इसके तहत परिवहन निगम की ओर से सर्वे कर जिले में आठ मार्ग चिन्हित किए गए हैं। उक्त मार्गो पर बसों का संचालन करना प्रस्तावित है। निगम की ओर से प्रदेश स्तर पर इसके लिए ई-टेण्डर आमंत्रित किए गए हैं। टेण्डर को माह के अंत तक खोला जाना प्रस्तावित है। सब कुछ ठीक ठाक रहने पर ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द लोक परिवहन सेवा की बसें दौड़ती नजर आएगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 365 लोक परिहवन सेवा की बसों का संचालन प्रस्तावित है।
राजसमंद-गिलुण्ड : एमडी, राज्यावास, चौकड़ी और पछमता और गिलुण्ड
राजसमंद-आमेट : भाणा, लवाणा, जेतपुरा, दोवड़ा और आगरिया
राजसमंद-आमेट: मोरचना, पसूंद, केलवा, सियाणा, जेतपुरा, दोवड़ा, लीकी, साकरड़ा-माकरड़ा, कूंदवा, आंजना
राजसमंद- भीम : लसाडिय़ा, टाटगढ़, लाखागुड़़ा, बग्गड़, बडज़ाल, सीमा खेड़ा, छापली, कूंदवा, आंजना
राजसमंद- कुंभलगढ़ : सनवाड़, मूंडोल, पूठोल, सांगठकला और सापोल
राजसमंद-केलवाड़ा : नाथद्वारा, बागोल, सिसोदा, कालींजर, पिपलांत्री, केलवाड़ा
राजसमंद- सारया : गुंजोल, बागोल, मोमेला, सेमा, बड़ा भाणूजा और सायरा
राजसमंद-इसवाल : नाथद्वारा, नीचली ओडन, टांटोल, लालमादड़ी, घोड़ाघाटी, केसूली, घोड़च, नेड़च, सालों का गुड़ा
ग्रामीण मार्गों पर संचालित होने वाली 22 सीटर डीलक्स बसें होंगी। बसों का रजिस्ट्रेशन 1 अप्रेल 2020 के बाद का होना जरूरी है। साथ ही वाहन बीएस-6 स्टैंडर्ड का होना चाहिए। बसों का संचालन प्रतिदिन कम से कम एक और अधिकतम 10 ट्रिप करने होंगे। मार्ग 20 किमी से कम होने पर 8 और 250 से अधिक की दूरी के रूट पर एक ट्रिप का संचालन किया जाएगा। ईटीआईएम मशीनों से टिकट काटे जाएंगे और न्यूनतम किराया छह रुपए होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोडवेज बसों का संचालन नहीं होने के कारण इसकी मांग उठती रही है। इसके लिए कई बार ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किए गए। लेकिन रोडवेज बसों की कमी के कारण संचालन नहीं हो पा रहा था। ऐसे में लोक परिवहन सेवा शुरू होने पर आमजन को राहत मिलेगी। साथ ही आवाजाही में आसानी होगी।
जिले में लोक परिवहन सेवा के तहत आठ मार्गो को चिन्हित किया गया है। इसके लिए मुख्यालय की ओर से ई-टेण्डर आमंत्रित किए गए हैं। बसों के संचालन से आमजन को राहत मिलेगी।
Published on:
09 Feb 2025 11:28 am

