
जुणदा में शिक्षक दंपती के घर चोरों द्वारा बिखेरा गया सामान। कुंवारिया
कुंवारिया. थाना क्षेत्र में चोरों व बदमाशों पर पुलिस का अंकुश नहीं होने के कारण आए दिन चोरी की घटनाएं अनवरत रूप से बढ़ रही है। थाना क्षेत्र के जुणदा गांव में बीती रात को चोरों ने धमाल मचाते हुए आधा दर्जन से अधिक घरों व दुकानों के ताले तोड़ कर सोने चांदी के आभूषण व नकदी तथा दुपहिया वाहन चुरा ले गए। करीब 2 माह 21 दिन पूर्व जिस घर से चोरों ने लाखों के सोने चांदी के आभूषण व नकदी चोरी की वारदात की थी उसी घर को चोरों ने खिड़की तोड़कर प्रवेश करते हुए दुबारा से निशाना बनाया है।
जुणदा गांव में पोटला मार्ग पर स्थित माधवलाल सोनी के घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोरों ने अंदर प्रवेश किया तथा घर के भीतर से ही दुकान में प्रवेश करते हुए काउंटर पर लगे सात तालों को तोड़कर सोने के 100 से अधिक नाक में पहनने के लॉन्ग व आधा किलो करीब चांदी व नकदी आदि चोरी की। चोरों ने दीपचंद सुराणा, लादूलाल सुराणा, गोविंद सोनी के घरों के भी ताले तोड़कर सामान को बिखेर दिया। चोर गिरोह के द्वारा प्रकाश पारीक के मकान में घुसकर घर के आंगन में खड़ी शिक्षक राहुल जांगिड़ की बाइक चुरा ली। जुणदा गांव में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
2 माह 21 दिन बाद दोबारा चोरी
जुणदा गांव में बीती रात को चोरों ने शिक्षक दंपती के घर को निशाना बनाते हुए घर के पिछवाड़े लगी हुई खिड़की को तोड़कर प्रवेश किया। अंदर अलमारियों में रखे हुए सामान को बिखेर दिया तथा चांदी के सिक्के चुरा कर ले गए। उल्लेखनीय है कि शिक्षक दंपती के घर में 2 माह 21 दिन पूर्व एक सितंबर की रात को भी चोरों ने पिछवाड़े से खिड़की को तोड़कर प्रवेश करके करीब 14 लाख रुपए कीमत के सोने व चांदी के आभूषण व नकदी को चुरा लिया था। बताया कि पूर्व में हुई चोरी की वारदात का भी पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है।
आस-पड़ोस के घरों के दरवाजों के बाहर से लगाई कुंडिया
जुणदा में गत रात को चोरी की वारदात के दौरान चोरों के गिरोह ने घटनास्थल के घरों के आसपास के घरों के बाहर दरवाजों को बाहर से कुण्डिया व सांकल लगा दी। ऐसे में सोमवार की सुबह ग्रामीणों के उठने के बाद मालूम चला कि दरवाजे बाहर से बंद है।
Published on:
22 Nov 2022 03:57 pm

बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
