
Truck Loot
राजसमंद. जिले के बाघाना हाईवे पर हुई ट्रक लूट की वारदात में दिवेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटे गए ट्रक को 33 लाख रुपये के कीमती फर्नीचर सहित बरामद कर लिया है। हालांकि, लूट की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले के अनुसार 19 जुलाई को ट्रक ड्राइवर जसवंत नाई कोटयान निवासी नाथावास थाना मालपुर जिला अरवली मोडासा (गुजरात) ने दिवेर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया कि वह 18 जुलाई को मोडासा से ट्रक में फर्नीचर का माल भरकर पुष्कर के लिए रवाना हुआ था।
रात करीब 8:30 बजे राजनगर के पास एक सवारी ने हाथ देकर ट्रक रुकवाया और भाड़ा देकर ब्यावर जाने की बात कही। ड्राइवर ने व्यक्ति को ट्रक में बैठा लिया। रात करीब 11 बजे बाघाना में राजमार्ग होटल के पास पहुंचने पर सवारी बने उस व्यक्ति ने अचानक कैबिन में रखे लोहे के पाने से ड्राइवर के सिर पर हमला कर दिया। हमले से घायल ड्राइवर किसी तरह ट्रक रोककर जान बचाते हुए नीचे उतर कर जंगल की ओर भागा। आरोपी ट्रक सहित माल लेकर फरार हो गया। आस-पास सुनसान जंगल होने के कारण ड्राइवर को मदद नहीं मिली। घायल ड्राइवर हाईवे किनारे बने बस स्टैंड के शेड में रातभर ठहरा रहा। उसका मोबाइल भी ट्रक में छूट गया था, ऊपर से बारिश और सिर पर चोट से हालत बिगड़ गई। अगले दिन ड्राइवर किसी तरह दिवेर थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
थानाधिकारी भवानीशंकर ने तुरंत टीम गठित की, जिसमें हैड कांस्टेबल सतीश कुमार, आसूचना अधिकारी कांस्टेबल रंगलाल, कांस्टेबल समर्थीलाल, महेंद्र कुमार, रमेश कुमार व तेजपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस ने वारदात के बाद ट्रक की संभावित रूट मैपिंग की और राजनगर से सेवाली तक हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने बग्गड़, भीम, बागलिया और ब्यावर जिले के जावाजा क्षेत्र में सघन तलाशी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ब्यावर में ट्रक का माल बेचने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने ब्यावर औद्योगिक क्षेत्र और हाईवे किनारे के ढाबों में दबिश दी। इस दौरान ब्यावर औद्योगिक एरिया फेज-2 में संदिग्ध ट्रक खड़ा मिला। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने 33 लाख के फर्नीचर सहित ट्रक बरामद कर लिया।
दिवेर पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। थानाधिकारी भवानीशंकर ने बताया कि हाईवे और औद्योगिक क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी टीम के जरिए आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Published on:
24 Jul 2025 11:40 am
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
