
लाल मिर्च में मिलावट का खुलासा, केस दर्ज
रतलाम। मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत खाद्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार की जा रही जांच के बाद मिलावटी खाद्य सामग्री के दो मामले सामने आए हैं। भोपाल स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला से आई जांच रिपोर्ट में मिलावट का खुलासा होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा और उनकी टीम के द्वारा मिलावट का व्यापार करने वालों के खिलाफ थाने पर केस दर्ज कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा ने बताया कि दो मामलों में मिलावट का खुलासा हुआ है जिसके चलते उनके व टीम के द्वारा दोनों ही व्यापारियों के खिलाफ दो अलग-अलग स्थानों में केस दर्ज कराया गया है। जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई गई है उनमें टाटा नगर निवासी महादेव ट्रेडर्स और ब्राह्मणों का वास में स्थित श्री कृष्ण गृह उद्योग शामिल है।
लगातार चल रही जांच
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम के निर्देशानुसार लगातार टीम के द्वारा खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं। 16 फरवरी को टाटा नगर में महादेव ट्रेडर्स से लाल मिर्च का नमूना लिया गया था, जिसे जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया था। वहां से आई रिपोर्ट में लाल मिर्च में खाने के कलर की मिलावट पाई गई है जिसके चलते संबंधित व्यक्ति पर थाना दीनदयाल नगर में केस दर्ज कराया गया है।
माणक चौक थाने पर भी केस दर्ज
खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा एक अन्य मामला थाना माणक चौक में दर्ज कराया गया है। टीम ने 23 फरवरी को ब्राह्मणों का वास में स्थित श्री कृष्ण गृह उद्योग से मिर्च पाउडर का नमूना एकत्र किया था जिसे जांच के लिए भोपाल भेजा गया था। वहां से रिपोर्ट आने पर इसमें भी मिलावट की पुष्टि हुई है जिसके चलते केस दर्ज कराया गया है। विभाग की इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा, ज्योति बघेल, प्रीति मंडोरिया मौजूद रही।
Updated on:
28 Apr 2022, 10:41 AM IST
Published on:
28 Apr 2022, 10:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.