
सरकार को उपज बेच पछता रहे किसान, 28 दिन बाद भी नहीं हुआ भुगतान
रतलाम। प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का दौर जारी है। प्रदेश के साथ रतलाम में उपार्जन का कार्य शुरू हुए 28 दिन बीत चुके है। सरकारी केंद्रों पर गेहूं बेचने के बाद किसान अब अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है, कारण उपज बेचने के बाद आज तक भुगतान नहीं होना है जबकि मंडी में यदि किसान उपज बेचता है तो उसी दिन भुगतान हो जाता है लेकिन सरकारी केंद्र पर उपज बेचने के बाद आज तक शासन ने एक रुपए की राशि किसी भी किसान के खाते में नहीं डाली है।भुगतान में देरी के चलते किसानों में अब आक्रोश पनपने लगा है।
जिले में बीते 28 दिनों से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी का काम चल रहा है। इस दौरान रतलाम जिले के 65 केंद्रों पर अब तक 4 हजार से अधिक किसानों के द्वारा अपनी उपज को ले जाकर बेचा गया है लेकिन खरीदी की शुरुआत होने के बाद से लेकर अब तक एक भी किसान को उसके द्वारा केंद्र पर बेची गई उपज का एक रुपया भी बैंक खाते में नहीं आया है। ऐसे में रुपयों की आवश्यकता के चलते बैंकों के चक्कर काट रहा है लेकिन उसे एक ही जवाब मिल रहा है कि अभी आगे से राशि जमा नहीं हुई है।
तो ब्याज का है प्रावधान
वहीं दूसरी ओर किसानों की माने तो मंडी अधिनियम में नियम होता है कि यदि किसान का भुगतान व्यापारी के द्वारा एक दिन की भी देरी से किया जाता है तो संबंधित व्यापारी को उक्त किसान को करीब एक प्रतिशत ब्याज दिया जाना होता है, लेकिन यहां तो लेट लतीफी जिम्मेदारों की ओर से हो रही है तो इसके लिए वसूली भी होनी चाहिए और किसानों को जितने दिन भुगतान में देरी हो रही है, उतने दिन का ब्याज सहित भुगतान करना चाहिए।
----------------------------------
इनका कहना है
किसानों में पनप रहा आक्रोश
- समर्थन मूल्य पर जब से खरीद शुरू हुई तब से लेकर आज तक एक भी किसान का भुगतान नहीं हुआ है। किसानों को उपज बेचे 20 से 25 दिन बीत गए है। उन्हे रुपयों की जरूरत है। अब तक भुगतान नहीं होने से उनमें आ्क्रोश पनप रहा है। सरकार से अनुरोध है कि जल्द से जल्द किसानों हक की राशि उनके खातों में जमा कराई जाए।
राजेश पुरोहित, किसान
--------------------
तकनीकी कारणों से आ रही समस्या
- किसानों को भुगतान नहीं होने की बात सही है, तकनीकी कारणों के चलते यह िस्थति निर्मित हुई है। आगामी एक से दो दिनों में किसानों को भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा होगी। किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है।
एसएच चौधरी, जिला आपूर्ति अधिकारी, रतलाम
---------------------------------
---------------------------------
रतलाम जिले में समर्थन मूल्य पर उपज बेचने वाले किसानों की िस्थति
फैक्ट फाइल
28 - दिन से चल रही सरकारी खरीद
65 - केंद्राें पर चल रहा खरीदी का काम
32000 - से अधिक किसानों के पंजीयन
4268 - किसानों ने बेची उपज
208173 - मैटि्क टन अब तक गेहूं खरीदा
00 - भुगतान किसी का नहीं
Published on:
25 Apr 2022, 10:19 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.