
बाजना से सैलाना होकर रतलाम पहुंची जननायक टंट्या मामा की गौरव कलश यात्रा
रतलाम। जननायक टंट्या मामा के गुणगान के साथ सोमवार को जिले के बाजना से गौरव कलश यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए। यात्रा बाजना से सैलाना होकर शाम ६ बजे बाद रतलाम पहुंची। यहां बरबड़ से यात्रा की शुरुआत हुई जो कि शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई बाजना बस स्टैंड पहुंची। यहां पर सभा का आयोजन होने के साथ ही नाट्य कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई। रतलाम में रात्रि विश्राम के बाद गौरव यात्रा 30 नवंबर को झाबुआ जिले के लिए रवाना होगी।
बाजना बस स्टैंड पर हुई आमसभा में मुख्य वक्ता के रूप में रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने वीर टंट्या मामा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि जननायक टंट्या मामा एक ऐसे योद्धा थे जिन्होंने अंग्रेजों से लोहा लेते हुए अपने संघर्ष की एक अलग ही मिसाल कायम की है। उनका संघर्ष सदैव स्मरणीय है, वे आजादी के आंदोलन के प्रणेता थे। काश्यप ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय योद्धाओं के योगदान का जिक्र भी किया।
गरीबों की मदद करते थे
काश्यप ने टंट्या मामा का जिक्र करते हुए कहा कि वे गरीबों की मदद करते थे, लोग उन्हें अपना संरक्षक मानते थे। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत देश में आजादी के संघर्ष में योगदान देने वाले सभी योद्धाओं के संघर्ष को सामने लाया जा रहा है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश शासन मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आदिवासी हितों के संवर्धन के लिए कृत संकल्पित है। जनजातीय क्षेत्रों में भी चहुमुखी विकास किया जा रहा है।
आजादी के संघर्ष में योगदान
रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना ने कहा कि वीर टंट्या मामा के आजादी के संघर्ष में योगदान है। राज्य शासन द्वारा अभी विगत दिनों जनजाति गौरव दिवस का आयोजन किया गया था। जनजाति बंधुओं के विकास के लिए लगातार कार्य करने वाले मुख्यमंत्री अब जननायक वीर टंट्या मामा गौरव कलश यात्रा का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का संचालन मनोहर पोरवाल ने किया तथा आभार अनीता कटारिया ने माना।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भाजपा राजेंद्रसिंह लुनेरा, यात्रा के जिला प्रभारी डॉ. विजय चारेल, कृष्ण कुमार सोनी, अशोक पोरवाल, जयवंत कोठारी, शंभूसिंह गणावा, मयूर पुरोहित, निर्मल कटारिया, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम पटवा, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी, अपर कलेक्टर एम.एल. आर्य, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय आदि उपस्थित थे।
Published on:
30 Nov 2021 11:31 am

बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
