
राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी करने वाले होंगे बर्खास्त
रतलाम। आलोट से राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी की शिकायतें मिली हैं, इसमें जो भी व्यक्ति लिप्त पाया जाएगा उसको बर्खास्त किया जाएगा। एसडीएम टीम गठित करें जो आलोट तथा ताल के तहसील कार्यालयों में राजस्व रिकॉर्ड की जांच करेगी। पटवारियों को निर्देशित किया कि गांव में उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण करते हुए सुनिश्चित करें कि निर्धारित समय सीमा में दुकान खुले। यह निर्देश बुधवार को आलोट में समीक्षा बैठक लेने पहुंचे कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम ने दिए।
कलेक्टर ने कहा कि दुकानदार मशीन से पर्ची निकालकर उपभोक्ता को दें। पर्ची नहीं देने पर जुर्माने का प्रावधान है। राशन में गड़बड़ी से संबंधित सर्वाधिक शिकायतें आलोट क्षेत्र से आती हैं। स्थानीय आपूर्ति अधिकारी के खिलाफ कलेक्टर ने नाराजगी जताई। आलोट क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन परिवहन को लेकर भी नाराजगी जताई और टीम की कार्रवाई पर असंतोष जताया।
अवकाश अस्वीकृत करने के निर्देश
ग्रीष्मकाल में पेयजल की स्थिति को लेकर कलेक्टर ने विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होने बताया कि आलोट क्षेत्र में 58 गांव जलसमस्या ग्रस्त हैं, जहां समस्या के हल के लिए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त जलस्त्रोत निर्मित किया जा रहा है।कार्यपालन यंत्री ने बताया कि कई दिनों से आकस्मिक अवकाश पर हैं, इस पर कलेक्टर ने उनका अवकाश अस्वीकृत करने के निर्देश दिए।
जून में फिर होगी समीक्षा बैठक
कलेक्टर ने पंचायत सचिवों को चेतावनी दी गई कि वह बगैर प्रक्रिया पूर्ण किए शासकीय भूमि के पट्टे वितरित नहीं करें अन्यथा जेल भेजे जाएंगे। कलेक्टर ने राजस्व विभाग की स्वामित्व योजना, धारणाधिकार, जल जीवन मिशन क्रियान्वयन, मनरेगा कार्यों इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जून में फिर से आलोट आकर समीक्षा करने की बात कही।
Published on:
21 Apr 2022, 10:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.