
अस्पताल में आरओ सही कराया तो मोटर खराब, वहीं दूसरी तरफ तालाब से खींच रहे सिंचाई के लिए पानी
रतलाम। जिले में गर्मी के तपने के साथ ही पानी का खेल भी शुरू हो गया है। पानी के इस खेल से जुड़ी दो अलग-अलग तस्वीर सामने आई है, जिसमें एक तस्वीर जिला अस्पताल की है, जहां पर हजारों रुपए खर्च करने के बाद भी लोगों को पीने का पानी नसीब नहीं हो रहा है, तो वही दूसरी तस्वीर शहर के अमृत सागर तालाब की है, जिसके गंदे पानी को खींचकर सिंचाई का खेल अब भी चलता नजर आ रहा है। यह दोनों ही तस्वीर अपनी अलग ही कहानी बयां कर रही है।
केस - एक जिला अस्पताल
वाटर कुलर सही तो मोटर खराब
पत्रिका द्वारा जिला अस्पताल में आजमन के लिए पीने के पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद यहां पर अस्पताल प्रबंधन ने वाटर कुलर को ठीक कराकर उसमें नल भी लगवा दिए थे लेकिन उसे ठीक हुए चार दिन भी नहीं हुए थे कि अब यहां पर मोटर खराब होने की नई कहानी सामने आ गई। ऐसे में वाटर कुलर के ठीक होने के बाद भी मरीज और उनके परिजनों को करीब 43 डिग्री तापमान में भी पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। हालाकि मोटर को ठीक कराने के लिए उसे निकलवा तो दिया है लेकिन वह अब कब तक ठीक होकर आती है, इसका पता बाद में ही चल सकेगा।
केस - दो
अमृत सागर तालाब से खींच रहे पानी
वहीं दूसरा मामला शहर के प्राचीन अमृत सागर तालाब का है, जहां पर पूर्व में भी प्रशासन और नगर निगम द्वारा कार्रवाई कर यहां से खींचे जा रहे पानी को लेकर मोटरें जप्त की थी। दरअसल यहां के गंदे पानी को मोटर डालकर कुछ लोग खींचकर सिंचाई के लिए खेतों तक ले जा रहे थे। इस पर कार्रवाई के बाद तालाब में अब फिर से मोटर डल गई है और लोगों को इसका पता न लगे इसके लिए उसके पाइप और रस्सी भी हरे रंग से मिलते जुलते रंग की बांधी गई है जिससे कि घांस के बीच में वह किसी को नजर न आ सके।
इनका कहना है
मोटर ठीक करा रहे है
- पानी की मोटर खराब हो गई थी, जिसे ठीक कराया जा रहा है। आज-कल में ही इसके माध्यम से पानी उपलब्ध होना शुरू हो जाएगा, जिससे कि मरीज व उनके परिजनों को वाटर कुलर के माध्यम से शीतल व शुद्ध पेयजल मिल सके। फिलहाल छोटे वाटर कुलर जो लगे है, वह भी चल रहे है।
डॉ. आनंद चंदेलकर, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल, रतलाम
तो मोटर जप्त करेंगे
- शहर के किसी भी तालाब में यदि कोई व्यक्ति मोटर डालकर पानी का उपयोग कर रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में भी निगम के अमले द्वारा कार्रवाई करते हुए मोटरे जप्त की गई है। साथ ही मोटर डालने वाले के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सोमनाथ झारिया, आयुक्त, नगर निगम, रतलाम
Published on:
2 May 2022, 9:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.