मऊगंज जिले में प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति, जिले की पहली कलेक्टर बनीं सोनिया मीणा और वीरेंद्र जैन बने जिले के पहले एसपी।
रीवा. मध्यप्रदेश के 53वें जिले मऊगंज में कलेक्टर एसपी की पोस्टिंग कर दी गई है। खनन माफियाओं में खौफ पैदा करने वाली दबंग लेडी अफसर सोनिया मीणा को मऊगंज का पहला कलेक्टर बनाया गया है। वहीं वीरेन्द्र कुमार जैन को जिले का पहला पुलिस कप्तान बनाया गया है। बता दें कि मऊगंज जिला रीवा से अलग कर बनाया गया है। मध्यप्रदेश के 53वें जिले मऊगंज में मऊगंज, हनुमना और नईगढ़ी तीन तहसीलें हैं जिनका मुख्यालय मऊगंज रहेगा।
मध्यप्रदेश का 53वां जिला बना मऊगंज
विंध्य क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पिछले दिनों मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मऊगंज को नया जिला बनाने की घोषणा की थी, सीएम शिवराज सिंह चौहान की घोषणा पर आज अमल हो गया। रीवा से अलग होकर आज मऊगंज मध्य प्रदेश का 53 वां जिला बन गया। मऊगंज का जिला मुख्यालय मऊगंज शहर ही होगा। जिले के गठन को लेकर आदेश रविवार सुब जारी हो गया था। साथ ही जानकारी ये भी सामने आई है कि आने वाली 15 अगस्त को मऊगंज जिला मुख्यालय पर ही राष्ट्र ध्वज लहराया जाएगा। इस जिले का गठन मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 (क्रमांक 20 सन 1959) की धारा 13 की उपधारा के तहत किया गया है। इसे लेकर गजट प्रकाशित कर दिया गया है। रीवा जिले की तीन तहसीलों को मऊगंज जिले में शामिल किया गया है। जिले की कुल जनसंख्या 6 लाख 16 हजार 645 है। इनमें 6 लाख मतदाता होंगे। इसमें नईगढ़ी तहसील के 382 गांव, मऊगंज तहसील के 341, हनुमना तहसील के तहसील के 343 गांव और देव तालाब तहसील के गांव जोड़कर नया जिला होगा। जिला मुख्यालय मऊगंज ही होगा। वहीं, नए जिले के गठन के बाद रीवा में हुजूर, हुजूरनगर, जवा, त्योंधर, रायपुर, कर्चुलियान, गुढ़, सिरमौर, सेमरिया और मनगंवा बच गई हैं।
यह भी पढ़ें- पॉश इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, 5 युवतियों समेत 7 गिरफ्तार