
गुमटियों को तोड़ते हुए घर में घुसा ट्रक, भरे बाजार मची अफरा-तफरी
रीवा। मंगलवार की देररात एक बड़ा हादसा टल गया। गुमटियों को तोड़ते हुए तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे स्थित घर में जा घुसा। गनीमत यह रही कि घटना के समय घर में कोई नहीं था जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। घटना खटखरी बाजार की बताई जा रही है। मंगलवार की रात ट्रक बनारस से सतना जा रहा था।
रात करीब नौ बजे ट्रक जैसे ही खटखरी बाजार में पहुंचा तभी चालक नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रक लहराते हुए सड़क के किनारे स्थित यज्ञसेन गुप्ता, सेठचंद्र गुप्ता व चौरसिया पान सेंटर की दुकानों को तोड़ते हुए समीप ही स्थित शंकर गुप्ता के घर में जा घुसा। घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के समय पूरा परिवार तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने घर के पीछे वाले हिस्से में मौजूद था। ठंड के चलते दुकानें भी जल्दी बंद हो गई थी। फलस्वरूप बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल हादसे के कारण सामने नहीं आए है। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर की जगह खलासी ट्रक चला रहा था जिससे यह हादसा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
Published on:
22 Jan 2020 11:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
