सागर. कोरोना वायरस के चलते डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय ने छात्र-छात्राओं को तत्काल छात्रावास खाली करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार प्रबंधन के आगामी आदेश तक विश्वविद्यालय परिसर के सभी छात्रावासों को खाली रखा जाएगा। इसके अलावा विवि की आंतरिक परीक्षाएं, संगोष्ठी, संभाएं, खेलकूद व शैक्षणिक सहित समस्त गतिविधियों को 31 मार्च तक स्थगित कर दिया है। यहां तक प्रबंधन ने अपने रेस्ट हाऊस को भी आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि यदि विद्यार्थी, शिक्षक, कर्मचारी या अन्य प्रबंधन का कोई व्यक्ति कोरोना वायरस संक्रमित क्षेत्रों से लौटा है तो तुरंत अपने सक्षम अधिकारी को सूचित करें और विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में परीक्षण कराएं।