
सागर. बार-बार घटनाएं होने के बाद भी शादियों में हर्ष फायर का चलन बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे ही हर्ष फायर में बंदूक से निकले छर्रे लगने से एक 7 साल के मासूम की जान जाते-जाते बची। घटना सोमवार-मंगलवार देर रात गोपालगंज थाना क्षेत्र में संजय ड्राइव के पास स्थित अमन मैरिज गार्डन की है, जहां फायरिंग के दौरान अचानक बंदूक की नाल नीचे हुई और उससे निकले 4 छर्रे पास में खड़े बच्चे को लगे। इसमें से एक छर्रे को डॉक्टर्स को ऑपरेशन कर निकालना पड़ा। फिलहाल बच्चे का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना के बाद घायल बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने फायरिंग करने वाले बरौदा गांव निवासी संजू सिहं पुत्र नरेश सिहं दांगी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध करते हुए विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार बरौदा सुरखी निवासी 40 वर्षीय शैलेंद्र पुत्र जाहर सिंह दांगी ने शिकायत में बताया कि सोमवार को उनकी मौसी की बेटी अंजली की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह पत्नी व दो बेटों के साथ गांव से संजय ड्राइव के पास स्थित अमन मैरिज गार्डन आए थे। बारात लगने के बाद रात करीबन 12.30 बजे वरमाला कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान बारात में आए बरौदा गांव निवासी संजू सिहं ने हाथ में लिए 12 बोर की बंदूक से उतावलेपन व लापरवाही से फायर करना शुरू कर दिए। शैलेंद्र ने बताया कि भीड़ के बीच हो रही फायरिंग को लेकर कुछ लोगों ने संजू को रोका भी, लेकिन वह नहीं माना। इसी बीच फायरिंग के दौरान अचानक से बंदूक की नाल नीचे जमीन तरफ हो गई और फायर से बंदूक से निकले 4 छर्रे वहीं पास में खड़े मेरे 7 वर्षीय बेटे हर्ष दांगी को होंठ, आंख, पीठ व हाथ में ऊपरी तरफ लगे और खून बहने लगा।
शैलेंद्र ने मीडिया से की बातचीत में बताया कि घटना के बाद जब वह अपने बेटे को इलाज कराने के लिए गार्डन से निकले तो फायर करने वाले आरोपी संजू सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें धमकाया। अस्पताल जाने के लिए बुलाए ऑटो में नहीं बैठने दिया। इसके बाद जब वह घायल बेटे को लेकर संजय ड्राइव स्थित प्राइवेट अस्पताल पहुंचे तो आरोपियों के कहने पर अस्पताल प्रबंधन ने इलाज करने से मना कर दिया। शैलेंद्र ने बताया कि मौके पर मौजूद खुरई व पिपरिया से आए कुछ परिचित लोगों ने मदद की, तब कहीं जाकर वह बीएमसी में बेटे को भर्ती करा सके। यदि मौके पर परिचित लोग न होते तो आरोपी उनके ऊपर भी हमला कर सकते थे।
बंदूक के छर्रे लगने से घायल हुए बच्चे के पिता की शिकायत पर हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है। मामला विवेचना में है, जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजेंद्र सिंह कुशवाहा, थाना प्रभारी, गोपालगंज
Updated on:
13 Jun 2025 10:59 am
Published on:
13 Jun 2025 10:59 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
