
कुण्डलपुर महामहोत्सव में शिरकत करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सत्पनीक साधना सिंह पहुंचे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को कुण्डलपुर पहुंचकर पंचकल्याणक महामहोत्सव में शिरकत की। उन्होंने भगवान आदिनाथ का अभिषेक किया और आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के दर्शन कर सपत्नीक आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री चौहान ने तीर्थक्षेत्र कुण्डलपुर और जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर को पवित्र नगर बनाने की घोषणा की। इन दोनों ही नगरों के 4 किलोमीटर के दायरे में मांस-मदिरा के विक्रय पर पाबंदी होगी।
मुख्यमंत्री ने तीर्थक्षेत्र कुण्डलपुर को अद्वितीय और पंचकल्याणक महोत्सव को अदभुत बताते हुए कहा कि इस आयोजन ने प्रदेश को नई राह दिखाई है। आचार्यश्री के जो संदेश निकल रहे हैं उन्हें प्रदेश में लागू किया जाएगा और धर्मनीति पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से वे फैसला करते हैं कि कुण्डलपुर को पवित्र क्षेत्र घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही बांदकपुर भी पवित्र नगर बनेगा। गोरक्षा पर बात करते हुए चौहान ने कहा कि यह बहुत व्यापक काम है, समाज को भी साथ आना पड़ेगा तभी बदलाव आएगा।
हरी-भरी होगी कुण्डलपुर की पहाड़ी
मुख्यमंत्री ने कुण्डलपुर की पहाड़ी को हरा-भरा बनाने की भी बात कही, मंदिर ट्रस्ट इसके लिए आगे आए और सरकार पूरा सहयोग करेगी। वे खुद हर दिन एक पौधा लगाते हैं यह पर्यावरण को बचाने की कोशिश है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि हर परिवार बेटा बेटी को बराबर समझें, प्रदेश में बदलाव आया है और 912 का आंकड़ा बढ़कर 956 हो गया है। इसे बराबरी पर लाना है।
आचार्यश्री के बताए मार्ग पर चलेंगे हम
मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्यश्री विद्यासागर महाराज ने हथकरघा को बढ़ावा दिया है। वह इसे स्वरोजगार से जोड़ेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बहुत काम किए जाएंगे। उन्होंने आचार्यश्री से कहा कि हम आपके बताए मार्ग पर चलेंगे और इन सभी कामों को पूरा करेंगे। शिवराज सिंह के साथ उनकी पत्नी साधना सिंह ने भी आचार्यश्री की आरती उतारी और आशीर्वाद लिया। साथ में मंत्री गोपाल भार्गव व पूर्व मंत्री जयंत मलैया भी थे।
Published on:
21 Feb 2022 07:16 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
