
Loan recovery of hail affected farmers will be postponed, interest will be waived- CM
बीना. पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों को देखने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार की दोपहर रुसल्ला गांव पहुंचे, जहां दो किसानों की फसलें देखीं और सर्वे कराकर राहत, बीमा राशि दिलाने का आश्वासन दिया। ग्राम रुसल्ला में वह पहले वीरेन्द्र पटेल के खेत में पहुंचे और वहां मसूर, सरसों की ओला प्रभावित फसल देखी। इसके बाद उन्होंने किसान प्राण सिंह की गेहूं फसल देखी, जिसमें ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है। फसल देखने के बाद कलेक्टर दीपक आर्य को निर्देश दिए कि जिले में खुरई, नरयावली, बीना सहित जहां-जहां नुकसान हुआ है, वहां संयुक्त टीम बनाकर ईमानदारी से सर्वे कराया जाए। सर्वे के बाद सूची को पंचायत में चस्पा किया जाए, जिससे नुकसान का आंकलन सभी किसान देख सकें। इस अवसर पर विधायक महेश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, पूर्व विधायक धरमू राय आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्तान के किसी राज्य में नहीं दी जाती इतनी राहत राशि
किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत और बीमा राशि से नुकसान की भरपाई की जाएगी। राजस्व, कृषि और पंचायत विभाग की टीम संयुक्त सर्वे करेगी। साथ ही जनप्रतिनिधि और किसान भी साथ में रहेंगे। गेहूं, चना, मसूर, सरसों में पचास प्रतिशत से अधिक नुकसान होने पर 32 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा दिया जाएगा और इससे कम नुकसान होने पर मुआवजा थोड़ा कम रहेगा। सेटेलाइट से सर्वे कराकर फसल बीमा भी दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के किसी राज्य में इतनी राहत राशि नहीं दी जाती है, लेकिन हम देंगे। प्रभावित किसानों की कर्ज वसूली स्थगित की जाएगी और एक साल का ब्याज भी माफ होगा। साथ ही अगली फसल का ऋण भी बिना ब्याज के दिया जाएगा और बेटी की शादी के लिए 56 हजार रुपए देंगे।
पंजीयन के लिए खुलवाएंगे पोर्टल
उन्होंने कहा कि यदि किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज बेचने पंजीयन नहीं करा पाए हैं, तो पोर्टल खुलवाकर पंजीयन कराएंगे। वहीं, बिजली गिरने से जिन किसानों की मृत्यु हुई है उनके परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। गाय, भैंस, भेड़, बकरी और मुर्गा, मुर्गी की मृत्यु होने राहत राशि देंगे।
ग्रामीण मंडल अध्यक्ष को नहीं जाने दिया अंदर, बैठे धरने पर
मुख्यमंत्री के लिए बनाए गए मंच के पास जा रहे भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष शुभम तिवारी सहित अन्य भाजपा नेताओं को पुलिस इंस्पेक्टर यशपाल भदौरिया ने रोक दिया। इसी बात को लेकर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भड़क गए और धरना पर बैठ गए। उनका कहना था कि इंस्पेक्टर द्वारा अभद्रता की गई। जब हम लोगों के साथ ही ऐसा किया जा रहा है, तो कार्यकर्ताओं की बात कैसे रखेंगे। उन्होंने पद से इस्तीफा देने की भी चेतावनी दे डाली थी। अधिकारी और पार्टी पदाधिकारियों की समझाईश से वह कुछ देर बाद धरना से उठ गए। सीएम के समक्ष भी यह बात रखी, तो उन्होंने घर की बात कहते हुए मामला शांत करा दिया।
निवोदा में किसानों ने रोका
रुसल्ला जाते समय ग्राम निवोदा में आसपास के गांव के किसान रास्ते में खड़े थे और उन्होंने सीएम को रोकर बर्बाद हुई फसलों की राहत राशि दिलाने की मांग की। मंच के पास किसानों ने लेहटवास चलने के नारे लगाए। कृषि उपज मंडी से किसान विश्वनाथ कुर्मी के 1 लाख 92 हजार रुपए चोरी होने पर उसके पिता ने सीएम के पास तक पहुंचने का प्रयास किया, जिसे पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। बाद में उसने सीएम को ज्ञापन दिया।
Published on:
21 Mar 2023 09:39 pm

बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
