
बेमौसम बारिश से रुकी मूंग की कटाई
गौरझामर. नगर सहित क्षेत्र में दो दिन से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। शनिवार रात को हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई बारिश का प्रभाव सोमवार को भी देखने को मिला। इस दौरान रुक-रुककर बूंदाबांदी के साथ बारिश भी होती रही। कुछ देर हल्की धूप भी निकली। अचानक मौसम परिवर्तित हो गया। बारिश के चलते मौसम में ठंडक आने से नागरिकों को गर्मी से राहत हुई। लेकिन किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। देवरी विकासखंड में बढ़ेे रकबे में मूूंग की फसल की कटाई एवं परिवहन हो रहा है। ऐसे में बारिश होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को अपनी मूंग फसल की कटाई रोकना पड़ी। जो मूंग कट कर खेतों में पड़ी है उसके खराब होने की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिन किसानों ने मूंग की फसल नहीं लगाई है वे अच्छी बारिश की उम्मीद कर खेत बनाने की तैयारी कर रहे है।
बाहर से व्यापारी भी नहीं आ रहे खरीदने थोक में 3 रुपए किलो बिक रही है भिंडी
देवरी कला. लॉक डाउन के चलते सबसे अधिक नुकसान उन किसानों को उठाना पड़ रहा है जिन्होंने सब्जी भाजी की फसल लगाई थी।
हर साल भिंडी की फसल में अच्छे उत्पादन के साथ जोरदार मुनाफा कमाने वाले किसान इस बार रो रहे हैं। थोक में दो और तीन रुपए किलो भिंडी बिक रही है। वह भी देर से मंडी पहुंचने वाले किसानों को माटी मोल बेचना पड़ती है। मंडियों में विभिन्न क्षेत्रों और नगरों से आने वाले व्यापारी खरीदारी के लिए नहीं आ रहे हैं। इस बार सब्जी की फसलों में उनकी लागत और मेहनत दोनों डूब गई है वह घाटे में सब्जी बेचने को मजबूर हैं। ग्राम खमरा के किसान किसान रमेश सिंह ने बताया कि 2 एकड़ में भिंडी की फसल लगाई है निराई गुड़ाई और खाद पानी की मेहनत के बाद उन्होंने अभी तक दो हजार भी नहीं कमा पाए हैं। जबकि २० हजार से ज्यादा की लागत लग चुकी है।
Published on:
8 Jun 2020, 5:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.