सागर. नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह के जन्मदिन के मौके आयोजित तीन दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर के प्रथम दिवस रक्तदाताओं का तांता लगा रहा। प्रथम दिवस रक्तदान करने वालों में सागर जिले के साथ रायसेन व नरसिंहपुर जिलों से आए रक्तदाताओं ने भी रक्तदान किया। तीन महिलाओं ने भी रक्तदान कर इस परोपकारी कार्य में महिलाओं को भागीदारी का संदेश दिया। सदर क्षेत्र की निवासी डा. तृप्ति राठौर, राजनंदिनी राठौर व तीनबत्ती निवासी अनुभूति जैन ने कहा कि पुरुषों की भांति महिलाएं भी रक्तदान में पीछे नहीं हैं।
मकरोनिया निवासी रोली अरजरिया ने रक्तदान के बाद कहा मुझे मंत्री भूपेन्द्र सिंह का जन्मदिन मनाने का यह तरीका बड़ा ही सार्थक लगा। प्रथम दिवस प्रातः साढ़े नौ बजे से समाचार लिखे जाने तक कुल 255 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
मंत्री प्रतिनिधि लखन सिंह की उपस्थिति में रक्तदान की शुरुआत हुई। नईम खान, रक्तदान कर प्रथम समूह के रक्तदाता बने। जिला चिकित्सालय के डॉ. आर.के. विदुआ, डॉ. महेश जैन, डॉ. शिखा अग्रवाल, डॉ राहुल क्षैत्रे के नेतृत्व में ओमप्रकाश झा, अमित कुमार शर्मा, धर्मेन्द्र चौरसिया, देवलाल वट्टी एवं ब्लड बैंक टेक्नीशियनों की टीम ने उत्साह पूर्वक रक्तदाताओं का सहयोग किया। रक्तदाताओं को पौष्टिक आहार व फलों का रस प्रदाय किया गया। महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी, सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरे, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. नीना गिडियन व सिविल सर्जन डॉ. ज्योति चौहान शिविर स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण व रक्तदाताओं के उत्साह वर्धन के लिए पहुंचीं।
रक्तदान शिविर स्थल दीपाली होटल परिसर में रक्तदाताओं की संख्या पूरे दिन भर निर्बाध गति से जारी रही। रक्तदाताओं की कतारें देख कर एक प्रेरक वातावरण निर्मित हो गया। प्रथम दिन मंत्री प्रतिनिधि श्री लखन सिंह द्वारा सभी रक्तदाताओं को रक्तदान के पश्चात प्रमाण पत्र भेंट किए गए। शिविर स्थल पर चिकित्सा कर्मियों के साथ वालिंटियरों ने व्यवस्था में भरपूर सहयोग दिया। शिविर स्थल पर सभी वालिंटियर्स को जिम्मेदारियां आवंटित की गई हैं जिससे बखूबी अंजाम दिया गया।
ब्लड कलेक्शन एवं ट्रांसपोर्टेशन वेन सहित चिकित्सकीय दल ने 255 यूनिट रक्त का संग्रहण कर सुरक्षित रूप से ब्लड बैंक पहुंचाया। द्वितीय दिवस 18 मई गुरूवार को सागर नगर निगम परिषद महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, डॉ सुशील तिवारी के नेतृत्व में उनके समर्थकों सहित विभिन्न समाजसेवी संगठनों व क्षेत्रों से आए लोग रक्तदान में हिस्सा लेंगे।