
- मप्र पंजीयन विभाग अधिकारी-कर्मचारी संघ ने ली आदेश पर आपत्ति
सागर. शासकीय कार्यालयों में फाइव डे वर्किंग की व्यवस्था लागू होने के बावजूद वरिष्ठ जिला पंजीयक कार्यालय शनिवार को खुला रहेगा। यह व्यवस्था पंजीयन विभाग के आदेश के बनाई गई है, जिसका प्रदेश स्तर पर जमकर विरोध हो रहा है। मध्यप्रदेश पंजीयन विभाग अधिकारी-कर्मचारी संघ ने महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक को ज्ञापन सौंपकर आपत्ति जताई है। संघ ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों-कर्मचारियों पर लगातार कार्य का दबाव है। मार्च के महीने में पूरे समय कर्मचारी लक्ष्य हासिल करने में लगे रहे और अब फिर से तय वर्किंग में फेरबदल किया जा रहा है, जो कि गलत है। वरिष्ठ जिला पंजीयक निधि जैन ने बताया कि मुख्यालय से निर्देश मिले हैं, जिसके कारण शनिवार को भी कार्यालय खुला रहेगा। पक्षकार दस्तावेजों का पंजीयन करा सकते हैं।
मध्यप्रदेश पंजीयन विभाग अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह दण्डोतिया ने बताया कि संपदा-2.0 से उप पंजीयकों के साथ सर्विस प्रोवाइडर्स भी परेशान हैं। दस्तावेजों के पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण करने में ज्यादा समय लग रहा है और दूसरी ओर सर्वर रुक-रुककर चलता है। इस वजह से स्लॉट बुक करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महानिरीक्षक पंजीयन एवं अधीक्षक मुद्रांक से संघ की चर्चा हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि उक्त आदेश सिर्फ मई-2025 के लिए लागू किया गया था। एक जून से फाइव डे वर्किंग के तहत ही कार्य होगा, साथ में सर्वर की समस्या पर भी काम हो रहा है। जल्द ही इसको भी दुरुस्त कराएंगे। - शैलेंद्र सिंह दण्डोतिया, प्रदेशाध्यक्ष, मध्यप्रदेश पंजीयन विभाग अधिकारी-कर्मचारी संघ
Updated on:
25 May 2025, 5:30 PM IST
Published on:
25 May 2025, 5:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.